Unnao accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हो गई और एक कार को टक्कर मारते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर गड्ढे में जाकर पलट गई. हादसे में कार सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस और कार में सवार कुछ लोग घायल हो गए.

यह हादसा उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ. पुलिस के मुताबिक, बस हरियाणा से बिहार की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस के चालक को अचानक नींद आ गई, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. देखते ही देखते बस एक्सप्रेसवे से उतरकर सड़क किनारे बनी गड्ढे में पलट गई.
कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त
बस के पलटने के दौरान उसने लखनऊ से आगरा की तरफ जा रही कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान दिव्या , अंजू , अमृता , धुनमुन और कार चालक विनोद के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर चीखपुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद बांगरमऊ कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
घायलों को अस्पताल भेजा गया
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. हादसे में कार सवार चार लोगों और बस में बैठे चार यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटाकर किनारे कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके. हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की तत्परता से यातायात को सुचारु करा दिया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया. फिलहाल पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है. शुरुआती जांच में बस चालक को नींद आने को दुर्घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है.



