मुंबई : स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15‘ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। शो के ऑनएयर होने से पहले ही इसके विजेता को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इस बीच कॉमेडियन भारती सिंह के एक बयान ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।

हाल ही में अभिनेता विशाल आदित्य सिंह कॉमेडियन भारती सिंह के शो ‘लाफ्टर शेफ 3‘ में नजर आए। शो के दौरान जब वह भारती के साथ पैपराजी के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे, तभी फोटोग्राफर्स ने उन्हें मजाकिया अंदाज में ‘खतरों के खिलाड़ी 15′ का विनर कहकर संबोधित किया।
पैपराजी की इस टिप्पणी पर भारती सिंह ने कहा, “टॉप 3 खतरों के खिलाड़ी।” इसके तुरंत बाद विशाल आदित्य सिंह ने उन्हें चुप रहने का इशारा किया। इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि कहीं विशाल शो के टॉप 3 या संभावित विजेता तो नहीं हैं।
हालांकि, शो के निर्माताओं या चैनल की ओर से अब तक ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के विजेता या टॉप 3 प्रतियोगियों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में भारती सिंह के बयान को लेकर चल रही अटकलों की पुष्टि नहीं की जा सकती।
बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी इस बार भी ‘खतरों के खिलाड़ी 15′ को होस्ट कर रहे हैं। शो में टीवी इंडस्ट्री, फिल्मों और सोशल मीडिया से जुड़े कई चर्चित चेहरे प्रतियोगी के रूप में शामिल हैं। दर्शकों को अब शो के आधिकारिक नतीजों का इंतजार है।



