BusinessIndia

बाजार में लौटी रौनक, निवेशकों ने एक ही दिन में कमाए 2 लाख करोड़, निफ्टी 24 हजार के पार

साल 2026 की दूसरी छमाही का आगाज शेयर बाजार के निवेशकों के लिए शानदार रहा है. पिछले दो दिनों से छाई मायूसी बुधवार को छंट गई और दलाल स्ट्रीट पर फिर से खरीदारी की रौनक लौट आई. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भूराजनीतिक तनाव और देश में कमजोर मॉनसून की चिंताओं को दरकिनार करते हुए, सेंसेक्स 443 अंक उछलकर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी ने भी 24,000 का अहम मनोवैज्ञानिक स्तर पार कर लिया. इस शानदार रिकवरी से निवेशकों की झोली में एक ही दिन में 2 लाख करोड़ रुपये आ गिरे.

बाजार में लौटी रौनक, निवेशकों ने एक ही दिन में कमाए 2 लाख करोड़, निफ्टी 24 हजार के पार

सेंसेक्स निफ्टी ने भरी उड़ान

कारोबारी सत्र के अंत में बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 443.97 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 76,922.64 के स्तर पर बंद हुआ. दूसरी तरफ, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 140.10 अंक या 0.59 प्रतिशत की मजबूती दिखाते हुए 24,005.85 के पार निकल गया. बाजार का यह मूड बता रहा है कि आम निवेशक अब भी घरेलू अर्थव्यवस्था की कहानी पर भरोसा जता रहे हैं. बाजार की चौड़ाई भी पूरी तरह से सकारात्मक रही, जहां करीब 2158 शेयरों ने हरे निशान में कारोबार खत्म किया. इसके विपरीत 1935 शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखा, जबकि 165 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ.

निवेशकों की तिजोरी में आए 2 लाख करोड़

इस तेजी का सबसे बड़ा फायदा आम निवेशकों को हुआ है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण एक झटके में बढ़ गया. पिछले कारोबारी दिन यह 474 लाख करोड़ रुपये था, जो बुधवार को उछलकर 476 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. सीधे शब्दों में कहें, तो निवेशकों की संपत्ति में महज चंद घंटों के भीतर 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा हो गया.

मुनाफे की इस आंधी में रियल्टी सेक्टर सबसे आगे रहा, जिसके इंडेक्स ने 3 फीसदी की छलांग लगाई. FMCG, मीडिया, ऑटो और सरकारी बैंकों के शेयरों में भी 1 से 2 फीसदी तक की खरीदारी हुई. दिग्गज शेयरों की बात करें तो एटरनल, अडानी एंटरप्राइजेज, नेस्ले इंडिया और एशियन पेंट्स ने बाजार को ऊपर खींचने का काम किया. हालांकि, आईटी और मेटल सेक्टर के निवेशकों को थोड़ी निराशा हाथ लगी. टीसीएस, एचसीएल टेक और टाटा स्टील जैसे बड़े नाम आज लाल निशान में बंद हुए.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply