रांची झारखंड के पाकुड़ जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बूढ़ीडूबा गांव में प्रेमप्रसंग के शक में एक विवाहिता और एक युवक को कथित तौर पर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों के कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़िता की शिकायत के आधार पर अमड़ापाड़ा थाने में आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने सात नामजद और करीब 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का मायका और ससुराल दोनों अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में हैं, जबकि युवक साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि महिला के पति के इशारे पर ग्रामीणों ने दोनों के साथ यह अमानवीय व्यवहार किया। वायरल वीडियो में कई लोग तमाशबीन बने नजर आ रहे हैं। साथ ही, कुछ पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी की भी चर्चा सामने आई है।
घटना के बाद गांव के प्रधान की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी गई। प्रशासन ने इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं पंचायत मुखिया साहेबजान टुडू ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



