जालंधर : राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर जालंधर स्थित घई अस्पताल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉक्टरों के समर्पण, सेवा भावना और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में केक काटकर डॉक्टर दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर डॉ. यू.एस. घई, अरविंदर घई, डॉ. एच.एस. भुटानी, डॉ. संदली भुटानी और डॉ. अग्निहोत्री सहित अस्पताल के नर्सिंग, प्रशासनिक एवं सहायक स्टाफ ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. यू.एस. घई ने कहा कि चिकित्सा पेशे में नैतिकता और मरीजों को केंद्र में रखकर उपचार करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मरीजों का डॉक्टरों पर भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी और जिम्मेदारी है।
डॉ. एच.एस. भुटानी ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने में टीमवर्क की अहम भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और सहायक कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए पूरी घई अस्पताल टीम का मरीजों के कल्याण के प्रति निरंतर योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
अरविंदर घई ने सभी डॉक्टरों को डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्यकर्मी मानवता की सेवा कर समाज को नई उम्मीद देते हैं। वहीं डॉ. संदली भुटानी ने अस्पताल के कर्मचारियों को उत्कृष्टता, नवाचार और संवेदनशील मरीज सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
डॉ. अग्निहोत्री ने चिकित्सा क्षेत्र में लगातार सीखते रहने और उच्चतम चिकित्सा नैतिक मानकों का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन जलपान, सामूहिक फोटो और अस्पताल की पूरी टीम द्वारा मरीजों को नैतिक, संवेदनशील और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संकल्प के साथ हुआ।



