चंडीगढ़ : आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने राज्य में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए चुनावी समितियों का गठन कर दिया है। पार्टी ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए रखा है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को कैंपेन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों की आधिकारिक सूची जारी की। वहीं, प्रताप सिंह बाजवा को कांग्रेस विधायक दल का नेता बरकरार रखा गया है।
कई वरिष्ठ नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
पार्टी ने विजय इंदर सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी का चेयरपर्सन बनाया है। वहीं, सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी और डॉ. अमर सिंह को मेनिफेस्टो कमेटी की कमान सौंपी गई है।
तीन नए कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त
कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सुखविंदर सिंह डैनी, राज कुमार वेरका और संगत सिंह गिलजियां को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से पार्टी विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी।
कैंपेन और चुनाव प्रबंधन समिति में कई बड़े चेहरे
कैंपेन कमेटी में सुखपाल सिंह खैहरा, राणा गुरजीत सिंह और डॉ. धर्मवीर गांधी को सहअध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी में ओपी सोनी, रजिया सुल्ताना, कुलजीत सिंह नागरा, अंगद सिंह सैनी और भारत भूषण आशु को सहअध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा मेनिफेस्टो कमेटी में गुरजीत सिंह औजला, परगट सिंह, हरदयाल सिंह कंबोज और सुखबिंदर सिंह सरकारिया को सहअध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की इन नियुक्तियों को संगठन में नई ऊर्जा भरने और चुनावी रणनीति को धार देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



