
राजधानी दिल्ली में स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार चलाने का मामला सामने आया है. सेंट्रल दिल्ली के पंचकुइयां रोड स्थित एक स्पा पर पुलिस ने छापेमारी कर मालिक को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान चार महिलाओं को वहां से सुरक्षित निकाला गया, जबकि कई अहम सबूत भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
पुलिस के अनुसार, 30 जून को पहाड़गंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचकुइयां रोड स्थित ‘Sin Spa’ नामक स्पा की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विशेष टीम बनाई गई और पूरे मामले की पुष्टि के लिए योजना तैयार की गई.
फर्जी ग्राहक बनाकर जुटाए गए सबूत
जांच के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को फर्जी ग्राहक बनाकर स्पा में भेजा. उसे तय रकम देकर अंदर भेजा गया ताकि सूचना की पुष्टि की जा सके. पुलिस का दावा है कि स्पा संचालक ने कथित यौन सेवाओं के बदले पहले ही पैसे ले लिए और एक महिला को ग्राहक के साथ भेज दिया. इसके बाद पहले से तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापा मार दिया.छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा संचालक अजय मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही वहां मौजूद चार महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पुलिस का कहना है कि महिलाओं की भूमिका और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
मौके से नकदी और दस्तावेज बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकदी, ग्राहकों का एंट्री रजिस्टर और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है. इन सभी चीजों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है. बरामद दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस कथित रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं.
ITPA के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (ITPA) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



