आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर ऐसी चीजें खा लेते हैं, जिनमें फाइबर की मात्रा कम होती है. लंबे समय तक डाइट में फाइबर की कमी रहने पर कब्ज, अपच, पेट फूलना और पाचन से जुड़ी अन्य समस्याएं हो सकती हैं. फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में भी सहायक माना जाता है. इसलिए संतुलित डाइट में फाइबर से भरपूर चीजों को शामिल करना जरूरी माना जाता है.

ऐसे ही फाइबर से भरपूर चीजों में कॉर्न भी शामिल है. इसमें फाइबर के साथ कार्बोहाइड्रेट, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, , फॉस्फोरस और कई जरूरी एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. नियमित रूप से संतुलित मात्रा में कॉर्न का सेवन पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने, लंबे समय तक एनर्जी देने और संतुलित डाइट का हिस्सा बनने में मदद कर सकता है. अच्छी बात यह है कि कॉर्न से कई स्वादिष्ट स्नैक्स भी तैयार किए जा सकते हैं. आइए जानते हैं कि कॉर्न से कौनकौन से हेल्दी स्नैक्स बनाए जा सकते हैं, इसे और पौष्टिक कैसे बनाया जा सकता है और इसे खाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
फाइबर से भरपूर कॉर्न के इन 5 हेल्दी और टेस्टी स्नैक्स को करें ट्राई
कॉर्न चाट
उबले हुए स्वीट कॉर्न में टमाटर, प्याज, खीरा, हरा धनिया, नींबू का रस, काली मिर्च और थोड़ा चाट मसाला मिलाएं. यह जल्दी बनने वाला स्नैक है. इसमें फाइबर, विटामिन और मिनरल्स अच्छी मात्रा में मिलते हैं, जो पाचन को बेहतर रखने और लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकते हैं.
कॉर्न सैंडविच
उबले हुए कॉर्न में शिमला मिर्च, प्याज, टमाटर और पनीर या दही आधारित स्प्रेड मिलाकर मल्टीग्रेन ब्रेड के बीच भरें. हल्का सेंककर खाएं. यह स्वादिष्ट होने के साथ फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर नाश्ता माना जाता है.
कॉर्न टिक्की
उबले हुए कॉर्न को उबले आलू, हरी सब्जियों और मसालों के साथ मिलाकर टिक्की तैयार करें. इन्हें कम तेल में तवे पर सेकें. यह हेल्दी स्नैक फाइबर और एनर्जी का अच्छा सोर्स है, जो बारबार भूख लगने की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है.
कॉर्न भेल
उबले हुए कॉर्न में टमाटर, प्याज, खीरा, हरा धनिया, भुना चना और नींबू का रस मिलाकर भेल तैयार करें. चाहें तो इसमें अनार के दाने भी डाल सकते हैं. यह हल्का और पौष्टिक स्नैक है, जिसमें फाइबर और विटामिन भरपूर मात्रा में मिलते हैं.
कॉर्न सलाद
उबले हुए कॉर्न में खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर, जैतून का तेल और नींबू का रस मिलाकर सलाद तैयार करें. ऊपर से काली मिर्च डालें. यह फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो संतुलित डाइट का अच्छा हिस्सा बन सकता है.
कॉर्न के साथ कौनसी चीजें मिलाकर इसे और पौष्टिक बनाया जा सकता है?
कॉर्न के साथ हरी पत्तेदार सब्जियां, टमाटर, खीरा, गाजर और शिमला मिर्च मिलाई जा सकती हैं. प्रोटीन बढ़ाने के लिए पनीर, दही, अंकुरित दालें या उबले चने भी शामिल किए जा सकते हैं.
स्वाद और पोषण बढ़ाने के लिए नींबू का रस, अलसी के बीज, चिया सीड्स और सूखे मेवे भी मिलाए जा सकते हैं. इस तरह कॉर्न के साथ फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स का संतुलित मेल मिल जाता है.
कॉर्न खाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
कॉर्न का सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करें. ज्यादा मक्खन, नमक या प्रोसेस्ड सॉस मिलाने से बचें. ताजा या उबला हुआ कॉर्न चुनना बेहतर माना जाता है.
अगर कॉर्न को स्नैक के रूप में खा रहे हैं, तो उसके साथ सब्जियां और प्रोटीन का स्रोत भी शामिल करें. किसी विशेष स्वास्थ्य समस्या, जैसे डायबिटीज, होने पर इसकी मात्रा के बारे में डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेना बेहतर रहेगा.



