BusinessIndia

Knack Packaging IPO: कंपनी पर जमकर बरसे निवेशक, 83 गुना सब्सक्राइब, कितना मिलेगा मुनाफा?

Knack Packaging IPO: शेयर बाजार में इन दिनों आईपीओ को लेकर जबरदस्त उत्साह का माहौल है. अगर आप भी बाजार में दांव लगाने के लिए किसी दमदार कंपनी की तलाश में थे, तो नैक पैकेजिंग लिमिटेड ने एक शानदार मौका दिया. बोली के आखिरी दिन इस आईपीओ को लेकर निवेशकों में गजब की दिलचस्पी दिखी और यह कुल 83.30 गुना सब्सक्राइब हो गया. बाजार से 439.5 करोड़ रुपये जुटाने उतरी इस कंपनी के लिए निवेशकों ने 158 करोड़ से ज्यादा शेयरों की मांग कर डाली, जबकि बिक्री के लिए महज 1.89 करोड़ शेयर ही रखे गए थे. इस छप्परफाड़ मांग और ग्रे मार्केट में चल रहे मजबूत प्रीमियम को देखकर अब निवेशकों को लिस्टिंग के दिन एक शानदार मुनाफे की उम्मीद बंध गई है.

Knack Packaging IPO: कंपनी पर जमकर बरसे निवेशक, 83 गुना सब्सक्राइब, कितना मिलेगा मुनाफा?

बड़े निवेशकों ने दिल खोलकर लगाया पैसा

बाजार के जानकारों की मानें तो जब किसी इश्यू में बड़े निवेशक भारी पैसा लगाते हैं, तो आम रिटेल निवेशक का भी भरोसा काफी बढ़ जाता है. नैक पैकेजिंग के मामले में ठीक ऐसा ही देखने को मिला है. सबसे ज्यादा मांग नॉनइंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स की तरफ से आई, जिनका हिस्सा 154.34 गुना भर गया. इसके साथ ही, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का आरक्षित कोटा भी 139.81 गुना सब्सक्राइब हुआ है. रिटेल निवेशकों ने भी पीछे न हटते हुए अपने हिस्से को 20.07 गुना भर दिया. आपको बता दें कि कंपनी ने आईपीओ खुलने से पहले ही एंकर निवेशकों के जरिए 131.25 करोड़ रुपये जुटा लिए थे. यह सीधे तौर पर कंपनी के भविष्य को लेकर बाजार के मजबूत भरोसे को दर्शाता है.

आखिर क्या कारोबार करती है कंपनी?

अहमदाबाद से अपना कामकाज चलाने वाली नैक पैकेजिंग मुख्य रूप से पैकेजिंग सॉल्यूशंस की दुनिया का एक जानामाना नाम है. यह कंपनी प्रिंटेड एंड लैमिनेटेड वोवन पॉलीप्रोपाइलीन बैग्स का निर्माण करती है. आसान भाषा में समझें तो खानेपीने का सामान, पालतू जानवरों का फूड या कई तरह के इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट को पैक करने के लिए जिन मजबूत बैग्स का इस्तेमाल होता है, कंपनी वही तैयार करती है. इस कंपनी का पूरा फोकस इनोवेशन आधारित और एक्सपोर्ट क्वालिटी वाले उत्पादों पर है, जिसने इसे बाजार में एक मजबूत स्थिति दी है.

इश्यू का आकार तय करेगा भविष्य

इस आईपीओ का कुल साइज 439.5 करोड़ रुपये रखा गया है. इसमें से 380 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे. इस फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम सीधे कंपनी के विकास कार्यों में जाएगी. इसके अलावा, कंपनी के मौजूदा शेयरधारक 35 लाख शेयरों की ‘ऑफर फॉर सेल’ ला रहे हैं, जिसकी कुल कीमत करीब 59.5 करोड़ रुपये बैठती है. कंपनी ने हर एक शेयर के लिए 161 रुपये से लेकर 170 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था, जिस पर निवेशकों ने खूब पैसा लगाया है.

ग्रे मार्केट प्रीमियम दे रहा मुनाफे का संकेत

इश्यू बंद होने के बाद अब सबकी नजरें ग्रे मार्केट और लिस्टिंग वाले दिन पर टिक गई हैं. इन्वेस्टरगेन के आंकड़ों के मुताबिक, नैक पैकेजिंग का जीएमपी फिलहाल 25.5 रुपये के आसपास मजबूती से ट्रेंड कर रहा है. अगर हम 170 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड और इस मौजूदा प्रीमियम को जोड़कर देखें, तो शेयर की संभावित लिस्टिंग 195.5 रुपये पर हो सकती है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply