IndiaPunjabTrending

पंजाब के जालंधर में एनकाउंटर; जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली, अरेस्ट करते समय आरोपी ने की फायरिंग

जालंधर पंजाब के जालंधर में गढ़ा रोड पर फायरिंग और नशा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। घटना जालंधर कैंट के जमशेर खास क्षेत्र में हुई, जहां आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पंजाब के जालंधर में एनकाउंटर; जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली, अरेस्ट करते समय आरोपी ने की फायरिंग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान श्यामदास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दरभंगा का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से जालंधर के गढ़ा इलाके में रह रहा था। उसे 4 जुलाई को एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने एक अवैध हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस टीम उसे बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचने के बाद आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह किया और फिर अचानक पुलिस कर्मियों को धक्का देकर उस स्थान की ओर भागा, जहां हथियार छिपाया गया था। वहां से पिस्तौल निकालकर उसने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

हत्या के प्रयास के मामले में भी था वांछित
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्यामदास गढ़ा क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में भी वांछित था। आरोप है कि उसने अपने साथी साहिल के साथ मिलकर अपने ही रिश्तेदार अमरजीत पर जानलेवा फायरिंग की थी और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

बिहार से नशा लाकर पंजाब में करता था सप्लाई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर तक फैला हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह बिहार से गांजा लाकर पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसके पास मिला अवैध हथियार कहां से आया और इसमें किनकिन लोगों की भूमिका है। इसके लिए बिहार पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

एफएसएल करेगी हथियारों की जांच
घटना के बाद मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाकर हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत नया मामला भी दर्ज किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानूनव्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply