
बिहार के मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 21 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि फेसबुक पर दोस्ती करने वाले युवक ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर उसका भरोसा जीता, शादी का वादा किया और अलग-अलग बहाने बनाकर उससे पैसे ऐंठता रहा। बाद में पता चला कि आरोपी न तो सेना में कार्यरत है और न ही अविवाहित, बल्कि वह साइकिल की दुकान पर पंचर बनाने का काम करता है और पहले से शादीशुदा है।
पीड़िता के मुताबिक, जनवरी 2026 में फेसबुक पर हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी मो. अरमान सेना की वर्दी पहनकर मिलने आता था और व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर भी खुद को सैनिक बताता था। वह कभी पाकिस्तान सीमा पर तैनाती तो कभी आतंकियों के चंगुल में फंसे होने का दावा कर तत्काल पैसों की मांग करता था। युवती ने उसकी बातों पर भरोसा कर कई बार ऑनलाइन पैसे भेजे।
जब युवती को आरोपी की असलियत का पता चला तो उसने विरोध किया। आरोप है कि वह अपनी मां और चाचा के साथ आरोपी के घर पहुंची, जहां आरोपी और उसके परिजनों ने मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी।
पीड़िता ने पुलिस को सेना की वर्दी में आरोपी की तस्वीरें, व्हाट्सएप वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे हैं। सदर थाना पुलिस ने मो. अरमान समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



