Nagpur Investment Scam 10 Percent Return Fraud: नागपुर जिले के नंदनवन थाना क्षेत्र में निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक निर्माण व्यवसायी से 30.09 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया। क्रिकेट खेलने के दौरान हुई पहचान का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले भरोसा जीता और फिर निवेश के नाम पर लाखों रुपये लेकर रकम हड़प ली।
10% मुनाफे का झांसा देकर बिल्डर से 30 लाख की ठगी
आरोपियों में आयुष चतुर्वेदी, विजय प्रकाश चतुर्वेदी, कुसुम विजय चतुर्वेदी, अंशद विजय चतुर्वेदी और विनीत चतुर्वेदी के नाम शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, पवन शेषराव येडे निर्माण व्यवसाय से जुड़े हैं।
वर्ष 2023 में क्रिकेट खेलने के दौरान उनकी मुलाकात आयुष से हुई थी। बातचीत के दौरान आयुष और उसके पिता विजय चतुर्वेदी ने खुद को प्रॉपर्टी, और अन्य निवेश कारोबार से जुड़ा बताते हुए निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक रिटर्न का भरोसा दिलाया।
50 लाख लिये, 10 लाख देकर जीता भरोसा
- शिकायत के मुताबिक, 29 नवंबर 2023 को आयुष, विजय, कुसुम, अंशद और विनीत ने निवेश के नाम पर कुल 50 लाख रुपये लिए। शुरुआत में आरोपियों ने कुछ रकम और मुनाफा लौटाया।
- विनीत द्वारा दिया गया 10 लाख रुपये का चेक भी क्लियर हो गया जिससे शिकायतकर्ता का भरोसा और मजबूत हो गया। इसके बाद 12 जनवरी 2024 से आरोपियों ने रिटर्न देना बंद कर दिया।
- जांच में सामने आया कि पवन को 19.91 लाख रुपये ही वापस मिले, जबकि 30.09 लाख रुपये अब तक नहीं लौटाए गए। अपने साथ हुई समझ आते ही उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।



