Nagpur Lakadganj Inter Caste Love Marriage: नागपुर के लकड़गंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दूसरी जाति की युवती से विवाह करने से नाराज उसके परिजनों ने युवक को बातचीत के बहाने बुलाया और उस पर पत्थरों तथा हाथमुक्कों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रेम संबंध के बाद की थी शादी
पुलिस के अनुसार, गंगाबाई घाट निवासी 25 वर्षीय संकेत का दूसरी जाति की युवती रोहिणी से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध विवाह कर लिया था। बताया गया कि विवाह के बाद से युवती के परिजन इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे। के अनुसार, युवती वर्तमान में तीन माह की गर्भवती है।
बातचीत के बहाने बुलाकर किया हमला
घटना वाले दिन शाम करीब 7 बजे युवती के परिजनों ने संकेत को बातचीत करने के बहाने बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही जाहिद अली, नुमेर अली, मोहम्मद मतीन और साहिद अली ने उसके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद चारों ने कथित तौर पर हाथमुक्कों से मारपीट की और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में संकेत गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोबाइल तोड़ा, जान से मारने की धमकी
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मारपीट के दौरान युवक का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
चारों आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला
ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर जाहिद अली, नुमेर अली, मोहम्मद मतीन और साहिद अली के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आपराधिक धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।



