Shahjahanpur News: शाहजहांपुर जिले में बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़े युवक को करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने सकुशल नीचे उतार लिया. शनिवार रात करीब 10 बजे तिलहर थाना क्षेत्र के कछियानी खेड़ा स्थित मोबाइल टावर पर चढ़े आकाश नाम के युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस प्रशासन और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली. रेस्क्यू के बाद युवक ने पुलिस पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए, जबकि पुलिस और परिजनों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है.

18 घंटे तक चला हाई वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन
आकाश शनिवार रात टावर पर चढ़कर सबसे ऊपरी हिस्से में जाकर बैठ गया था. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास करती रही. एसपी ग्रामीण, एडीएम वित्त एवं राजस्व सहित अन्य अधिकारियों ने युवक से कई दौर की बातचीत की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ.
जब सभी प्रयास विफल रहे तो एसपी ग्रामीण के निर्देश पर दो पुलिसकर्मियों को टावर पर भेजा गया. दोनों ने आकाश से बातचीत की और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों के आश्वासन के बाद वह करीब 18 घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतर आया.
ये भी पढे़ं
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
टावर से नीचे उतरने के बाद आकाश ने आरोप लगाया कि वह कटरा थाना क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले का रहने वाला है. उसका स्थानीय लोगों से विवाद हुआ था, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उसी के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर दिया गया. उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे लगातार प्रताड़ित किया.
आकाश ने यह भी बताया कि बाद में वह नौकरी के लिए हरियाणा चला गया, जहां उसका मोबाइल फोन गुम हो गया. वहां पुलिस में शिकायत करने पर भी उसे परेशान किया गया. इन घटनाओं से आहत होकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला किया.
परिजनों ने बताई मानसिक स्थिति खराब
वहीं, आकाश की मां और पुलिस का कहना है कि मोहल्ले में हुई मारपीट की घटना के बाद से वह मानसिक तनाव में था. परिजनों के अनुसार, वह अक्सर बदला लेने की बातें करता था और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी. इसी कारण उसने यह कदम उठाया. फिलहाल पुलिस आकाश और उसके मातापिता को तिलहर थाने ले गई है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि युवक के आरोपों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
सीबीआई और आर्मी बुलाने की कर रहा मांग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टावर पर मौजूद आकाश से लगातार बातचीत की जा रही थी, लेकिन वह सामान्य बातचीत करने के बजाय अजीबोगरीब मांगें रख रहा थी. वह मौके पर सीबीआई और सेना को बुलाने की मांग कर रहा थी. अपनी शर्तें पूरी होने तक नीचे उतरने से इनकार कर रहा था.



