India

सावधान! क्या आपका बच्चा सुरक्षित है? नागपुर में चॉकलेट का लालच देकर अपहरण की कोशिश, जानें कैसे हुआ नाकाम

 Nagpur Chocolate Lure Kidnapping Case: नागपुर जिले के वाठोडा थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शराबी मजदूर ने अपने साथ काम करने वाले मजदूर की मासूम बेटी को चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ ले गया। बच्ची के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर जिलेभर में अलर्ट जारी किया। कुछ ही घंटों में ग्रामीण की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश पहल सिंह मड़ावी के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के मंडला जिले का निवासी है।

निर्माणाधीन इमारत में साथ करते थे मजदूरी

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची के मातापिता वाठोडा थाना क्षेत्र के दिघोरी स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी करते हैं और वहीं अस्थायी रूप से रहते हैं। आरोपी मुकेश भी उसी निर्माण स्थल पर मजदूर के रूप में काम करता था और वहीं रह रहा था। शनिवार शाम आरोपी ने कथित तौर पर शराब पीने के बाद बच्ची को चॉकलेट दिलाने का झांसा दिया और उसे अपने साथ ले गया।

बेटी नहीं मिली तो घबराए मातापिता

कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो उसके मातापिता ने पूरे परिसर और आसपास उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर रात करीब 8 बजे पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया और सभी थानों को बच्ची और आरोपी की जानकारी भेजकर अलर्ट जारी कर दिया।

भूख लगने पर खुला राज

इधर आरोपी बच्ची को लेकर पांचगांव क्षेत्र पहुंच गया। रास्ते में भूख लगने पर बच्ची रोने लगी। इसके बाद वह उसे लेकर नीलेश नामक व्यक्ति के घर पहुंचा और बच्ची के लिए भोजन मांगा। नीलेश को एक छोटी बच्ची के साथ आरोपी का व्यवहार संदिग्ध लगा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने कुछ ही घंटों में बचाई बच्ची

सूचना मिलते ही प्रभारी रवींद्र मानकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आरोपी मुकेश को हिरासत में ले लिया। इसके बाद वाठोडा पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जांच जारी

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का उद्देश्य क्या था और उसने बच्ची का अपहरण किस मंशा से किया था। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों के पास पहुचा दिया गया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply