IndiaUttar Pradesh

ठेकेदार पर FIR से लेकर ब्लैकलिस्ट तक…. अफसर बर्खास्त, सीवर में सफाईकर्मी की मौत पर नोएडा अथॉरिटी ने क्या-क्या लिया एक्शन?

Noida Sewer Death: नोएडा के गेझा गांव के पास सीवर की सफाई के दौरान एक सफाईकर्मी की मौत के मामले में नोएडा अथॉरिटी एक्शन मोड में है. अथॉरिटी ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके साथ ही ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी किया गया है. मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक संविदा अधिकारी की सेवा भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है.

ठेकेदार पर FIR से लेकर ब्लैकलिस्ट तक…. अफसर बर्खास्त, सीवर में सफाईकर्मी की मौत पर नोएडा अथॉरिटी ने क्या-क्या लिया एक्शन?

नोएडा अथॉरिटी के मुताबिक, 14 जुलाई को जलखंड3 क्षेत्र के सेक्टर93बी और गेझा गांव के पास स्थित टीपॉइंट पर गहरी सीवर लाइन की सफाई का कार्य चल रहा था. सफाईकर्मी शिवा निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत सुरक्षा बेल्ट, ऑक्सीजन मास्क और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण पहनकर सीवर में उतरे थे.

सफाई के दौरान अचानक वह सीवर के भीतर मौजूद तारों में फंस गए. जब मौके पर मौजूद फील्ड स्टाफ ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया तो सफलता नहीं मिली. इसके बाद तत्काल पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी गई. संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शिवा को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

ठेकेदार पर एफआईआर, ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी

अथॉरिटी ने बताया कि सीवर सफाई का यह कार्य M/s Shivji Constructions Co. के माध्यम से कराया जा रहा था. घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय लिया गया है. इसके साथ ही कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है, ताकि भविष्य में उसे किसी भी सरकारी कार्य का ठेका न मिल सके.

अफसरों पर भी गिरी कार्रवाई की गाज

अथॉरिटी ने मामले में विभागीय जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अवर अभियंता राकेश कुमार की सेवाएं समाप्त कर दी हैं. वहीं संबंधित प्रबंधक के सेवा अभिलेख में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने का फैसला लिया गया है. इसके अलावा वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में जिम्मेदारी तय कर आगे भी आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

नोएडा अथॉरिटी ने कहा है कि मृतक सफाईकर्मी शिवा के परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और अन्य सभी पात्र लाभ तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply