नई दिल्ली : अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर और फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही‘ के निर्देशक शरण शर्मा 11 जुलाई को विवाह के बंधन में बंध गए। मुंबई में परिवार और फिल्म इंडस्ट्री के करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने सात फेरे लिए। अब उनकी शादी का एक इनसाइड वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेत्री आलिया भट्ट की भावुक स्पीच ने सभी का ध्यान खींच लिया है।

आकांक्षा रंजन कपूर ने अपनी शादी का एक खूबसूरत वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में शादी के कई यादगार और निजी पल देखने को मिलते हैं। इसमें परिवार और करीबी दोस्तों के संदेश भी शामिल हैं, लेकिन सबसे अधिक चर्चा आलिया भट्ट के इमोशनल संबोधन की हो रही है।
आलिया भट्ट ने दोस्ती और रिश्ते पर कही दिल छू लेने वाली बात
वीडियो में आलिया भट्ट ने अपनी बचपन की दोस्त आकांक्षा रंजन कपूर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “यह लड़की हमारे पूरे ग्रुप को एक साथ जोड़कर रखने वाली ग्लू है। हमारे ग्रुप की हर लड़की के साथ इसका बेहद खास और व्यक्तिगत रिश्ता है। यह हमेशा हर किसी के सुखदुख में सबसे पहले साथ खड़ी रहती है।”
स्पीच के दौरान आलिया भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि जब आकांक्षा दुल्हन के जोड़े में मंडप की ओर बढ़ रही थीं, तब उनकी नजर सबसे पहले शरण शर्मा पर गई। आलिया ने कहा, “जब मैंने शरण की आंखों में खुशी के आंसू देखे, तो मेरे मन में यही ख्याल आया कि चलो, इसे वह इंसान मिल गया जो इसे बेपनाह प्यार करता है।”
दूल्हादुल्हन की केमिस्ट्री ने जीता फैंस का दिल
वायरल वीडियो में आकांक्षा और शरण शर्मा की शानदार बॉन्डिंग भी देखने को मिली। अपनी वेडिंग वाउज़ की शुरुआत करते हुए शरण शर्मा ने शाहरुख खान की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है‘ का मशहूर संवाद “प्यार दोस्ती है” दोहराया और कहा, “किसी बुद्धिमान व्यक्ति ने कहा था… प्यार दोस्ती है।”
वहीं, आकांक्षा रंजन कपूर भी इस दौरान अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और उनकी आंखें नम हो गईं। इस भावुक पल ने समारोह में मौजूद मेहमानों को भी भावुक कर दिया। फिल्म निर्माता करण जौहर, अभिनेत्री अथिया शेट्टी और आकांक्षा की बहन अनुष्का रंजन सहित कई मेहमानों की आंखें भी नम नजर आईं।
शादी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए आलिया भट्ट की भावुक स्पीच की भी जमकर सराहना कर रहे हैं।



