मुंबई : चकाचौंध से भरी बॉलीवुड की दुनिया बाहर से जितनी खूबसूरत दिखती है, कई बार इसके भीतर उतने ही गहरे और दर्दनाक राज छुपे होते हैं। कैमरे के सामने हमेशा मुस्कुराने वाले सितारों के सीने में भी कुछ ऐसे घाव होते हैं, जिन्हें वे सालों तक दुनिया से छिपाकर रखते हैं। ऐसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा बॉलीवुड एक्टर सोहेल खान ने किया है। एक शो के दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी का वह सच बयां किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। सोहेल ने पहली बार कैमरे के सामने कबूला है कि बचपन में वह भी यौन शोषण का शिकार हुए थे, लेकिन डर और शर्मिंदगी के कारण सालों तक खामोश रहे।

बेटों को दी हमेशा बिना डरे बात करने की नसीहत
शो ‘अलायंस’ में बातचीत करते हुए सोहेल खान ने अपनी निजी जिंदगी के पन्ने पलटे। उन्होंने बताया कि इसी कड़वे अनुभव के कारण वे अपने दोनों बेटों, निर्वान और योहान को हमेशा खुलकर बात करने की सीख देते हैं। सोहेल ने कहा कि वह रैगिंग और बुलिंग के सख्त खिलाफ हैं। उन्होंने अपने बेटों को साफ तौर पर समझा रखा है कि अगर कोई भी उन्हें परेशान करे, डराए या असहज महसूस कराए, तो वे तुरंत आकर परिवार को बताएं। सोहेल नहीं चाहते कि जो घुटन और दर्द उन्होंने झेला, वह उनके बच्चों को कभी भी सहना पड़े।
‘मुझे लगा मेरी ही गलती है, इसलिए खामोश रहा’
इस भावुक बातचीत के दौरान सोहेल ने अपने उस दर्दनाक दौर को याद किया जब उनके साथ यह घिनौनी हरकत हुई थी। एक्टर ने बताया कि जब वह छोटे थे, तब किसी ने उनका यौन शोषण किया था, लेकिन उन्होंने इस बात को कई सालों तक अपने अंदर ही दबाकर रखा। जब वह बड़े हुए और समझदार हुए, तब जाकर उन्होंने हिम्मत जुटाई और अपने पिता को इस भयानक सच के बारे में बताया। यह सुनकर उनके पिता भी स्तब्ध रह गए थे। जब पिता ने पूछा कि इतने सालों तक यह बात क्यों छुपाई, तो सोहेल का जवाब था कि वह बहुत शर्मिंदा महसूस करते थे। उस छोटी उम्र में उन्हें ऐसा लगने लगा था कि शायद इसमें उन्हीं की कोई गलती है।
एक्टर की हिम्मत पर रो पड़े लोग, तलाक पर भी छलका दर्द
सोहेल के मुंह से बचपन के इस अनुभव को सुनकर शो में मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स अपने आंसू नहीं रोक पाए। सभी ने भावुक होकर सोहेल को गले लगाया और उनके इस सच को बेबाकी से दुनिया के सामने लाने की हिम्मत की जमकर तारीफ की। इसी शो में सोहेल ने अपनी एक्स वाइफ सीमा सजदेह के साथ हुए तलाक पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने बड़ी ही ईमानदारी से माना कि 24 साल पुरानी शादी टूटने में उनकी अपनी गलतियों का भी बहुत बड़ा हाथ था। आपको बता दें कि साल 2022 में दोनों अलग हो गए थे, लेकिन आज भी वे आपसी सहमति से अपने दोनों बेटों की परवरिश मिलकर कर रहे हैं।



