
कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां 16 वर्षीय किशोर पर अपनी नाबालिग प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक दोनों की मुलाकात करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए.
बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग लेकिन पड़ोसी गांवों के रहने वाले थे. घटना से पहले लड़की अपने घर से एक दोस्त से मिलने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह किशोर के घर पर रह रही थी.
दूसरे लड़के से चैट करने के शक में हुआ विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, 10 जुलाई की शाम किशोर को शक हुआ कि उसकी प्रेमिका किसी दूसरे लड़के से मोबाइल पर बातचीत कर रही है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में किशोर ने घर में रखा देसी कट्टा उठा लिया और लड़की के चेहरे पर गोली चला दी. गोली लगते ही लड़की की मौके पर ही मौत हो गई.
शव को खेत में दफनाया, भाई और चाचा पर भी आरोप
हत्या के बाद आरोपी किशोर ने अपने बड़े भाई और चाचा की मदद से शव को घर के पास स्थित खेत में दफना दिया. आरोप है कि तीनों ने मिलकर पूरी घटना को छिपाने की कोशिश की ताकि किसी को इसकी भनक न लगे. हालांकि, लड़की के अचानक लापता होने और गांव में उसकी हत्या की चर्चाएं फैलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मामला खुल गया.
पुलिस ने बरामद किया देसी कट्टा
जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा भी बरामद कर लिया. अधिकारियों के मुताबिक इस हथियार का कोई लाइसेंस नहीं था. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिवार कथित तौर पर इसका इस्तेमाल शिकार के लिए करता था और घटना के बाद इसे घर के पास छिपा दिया गया था.
किशोर जुवेनाइल बोर्ड के सामने पेश
पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर दिया है. वहीं उसके बड़े भाई पुट्टामडु और चाचा रवि को सबूत छिपाने और अपराध में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में हत्या समेत पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि शव को तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा. फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार परिवार के पास कब से था और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है.



