IndiaTrending

MY Bharat सम्मेलन में प्रयागराज की युवा शक्ति का दमदार प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को सौंपे सुझाव

MY Bharat Youth Conference Lucknow: युवाओं की भागीदारी को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रयागराज के युवा प्रतिनिधियों ने लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय माई भारत युवा सम्मेलन में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और माई भारत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला के समक्ष रोजगार, कौशल विकास, नेतृत्व निर्माण, नशामुक्ति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

MY Bharat सम्मेलन में प्रयागराज की युवा शक्ति का दमदार प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को सौंपे सुझाव
MY Bharat सम्मेलन में प्रयागराज की युवा शक्ति का दमदार प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को सौंपे सुझाव

युवाओं की वास्तविक जरूरतों और अनुभवों पर आधारित सुझाव

युवाओं का कहना था कि ये सुझाव जमीनी स्तर पर युवाओं की वास्तविक जरूरतों और अनुभवों पर आधारित हैं, जिनके प्रभावी क्रियान्वयन से देशभर के युवाओं को लाभ मिल सकता है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माई भारत के तत्वावधान में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन में प्रयागराज के प्रत्येक विकासखंड से माई भारत युवा स्वयंसेवकों ने सपना साहू एवं राजन शर्मा के नेतृत्व में भाग लिया।

 केंद्रीय मंत्री ने उनके सुझाव को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताया

सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने प्रदेशभर से आए युवा स्वयंसेवकों से संवाद करते हुए उनके सुझाव और अनुभव सुने तथा युवाओं की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।

प्रयागराज के युवा प्रतिनिधि श्वेतांक अग्रवाल और केतन मोदनवाल ने केंद्रीय मंत्री को कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास तथा युवा सहभागिता को मजबूत बनाने से जुड़े विस्तृत नीति एवं कार्यक्रम प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल रोजगार उपलब्ध कराने से आगे बढ़कर उन्हें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण, नेतृत्व के अवसर और समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी का मंच उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

मेगा राष्ट्रीय युवा कार्यक्रमों के आयोजन का प्रस्ताव

दोनों प्रतिनिधियों ने माई भारत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला को राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के लिए व्यापक नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाने तथा भारतीय संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित मेगा राष्ट्रीय युवा कार्यक्रमों के आयोजन का प्रस्ताव भी दिया। उनका मानना है कि ऐसे अभियान युवाओं को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने में प्रभावी साबित होंगे।

उत्तर प्रदेश के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के युवा कल्याण एवं गिरीश चंद्र यादव, युवा कार्यक्रम एवं की सचिव पल्लवी जैन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. , माई भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला तथा महानिदेशक, युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रयागराज का दल उप निदेशक, माई भारत प्रयागराज जागृति पाण्डेय के निर्देशन में सम्मेलन में शामिल हुआ और जिले की युवा शक्ति, नवाचार तथा नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply