IndiaTrendingUttar Pradesh

त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस हेडक्वार्टर में मिला शव

अगरतला त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक अनुराग सोमवार को राज्य पुलिस मुख्यालय में अपने चैंबर से जुड़े बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी।

त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस हेडक्वार्टर में मिला शव

सीनियर आईपीएस अधिकारी को अगरतला के सरकारी मेडिकल कॉलेज और गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज और गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल के मेडिसिन विभाग प्रमुख डॉ. प्रदीप भौमिक ने बताया कि डीजीपी अनुराग को अस्पताल लाया गया था लेकिन उसमें जीवन के कोई संकेत नहीं थे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. भौमिक ने मीडिया को बताया, “डीजीपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी।”

त्रिपुरा सरकार और राज्य पुलिस मुख्यालय ने अभी तक डीजीपी अनुराग की मौत के कारणों या परिस्थितियों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। त्रिपुरा कैडर के 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी अनुराग ने पिछले साल 17 मई को राज्य के पुलिस महानिदेशक का पद संभाला था। उन्होंने 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी अमिताभ रंजन की जगह ली थी। डीजीपी बनने से पहले अनुराग त्रिपुरा में पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात थे।

मैसूर के सेंट्रल फूड टेक्नोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट से फूड टेक्नोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएट अनुराग के पास उस्मानिया यूनिवर्सिटी से पुलिस मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री भी थी। इसके अलावा, उन्होंने हैदराबाद की नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ से साइबर क्राइम में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया था। अधिकारियों ने बताया कि अनुराग अमेरिका की ‘एसोसिएशन ऑफ सर्टिफाइड फ्रॉड एग्जामिनर्स’ से सर्टिफाइड फ्रॉड एग्जामिनर भी थे। उन्हें त्रिपुरा में पुलिसिंग का लंबा अनुभव था क्योंकि उन्होंने 1995 से 2003 तक राज्य में सेवा दी थी। त्रिपुरा में अपने कार्यकाल के दौरान अनुराग ने लॉन्गथराई वैली के सबडिविजनल पुलिस ऑफिसर और तत्कालीन अविभाजित पश्चिम त्रिपुरा व दक्षिण त्रिपुरा जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर काम किया था।

उन्होंने स्पेशल ब्रांच के पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पदों पर भी काम किया था।
200304 के दौरान अनुराग ने कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ काम किया था। 2005 से 2013 के बीच वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे और केंद्रीय जांच ब्यूरो में पुलिस अधीक्षक और बाद में उप महानिरीक्षक के पद पर कार्य किया।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद अनुराग ने 2013 से 2016 तक त्रिपुरा में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर काम किया। 2016 से 2023 तक वह दोबारा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे। इस दौरान उन्होंने ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट में पुलिस महानिरीक्षक , केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में पुलिस महानिरीक्षक और बाद में केंद्रीय जांच ब्यूरो में संयुक्त निदेशक और अतिरिक्त निदेशक के पदों पर काम किया।

अनुराग ने 1984 के सिखविरोधी दंगों की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गठित विशेष जांच दल के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply