जालंधर पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित शुरू किए गए डाक्यूमेंट्री प्रोग्राम के तहत ज़िले के विभिन्न गांवों में श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित दस्तावेजी फिल्म दिखाई जा रही है।

इस पहल के अंतर्गत बीती रात डाक्यूमेंट्री वैन करतारपुर के गांव नौगजा, मंड मौड़, सब डिवीजन आदमपुर के गांव नजका व ढींगरियां और सब डिवीजन नकोदर के गांव बोपाराय कलां में पहुंची, जहां वैन पर लगी एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से गांवों के बड़ी संख्या में लोगों ने यह दस्तावेजी फिल्म देखी और गुरु जी के समानता, प्रभु भक्ति तथा सर्व साझीवालता के संदेश से प्रेरणा प्राप्त की।
दस्तावेजी फिल्म में श्री गुरु रविदास जी के जीवन, सामाजिक सुधारों के लिए उनके योगदान, मानवीय मूल्यों को अपनाने के संदेश, सामाजिक बराबरी, विश्व भाईचारे, सेवा और मेहनत के संदेश को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।
गांव वासियों ने पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं और उपदेशों को आम लोगों विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि विशेष दस्तावेजी फिल्म के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी के समानता और भाईचारे के संदेश को घरघर पहुंचाया जा रहा है और ऐसी दस्तावेजी फिल्में बच्चों तथा युवाओं को हमारे महान गुरुओं की शिक्षाओं से जोड़ने का प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोग्राम समाज में आपसी सद्भावना, एकता और नैतिक मूल्यों को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते है।
उल्लेखनीय है कि पूरे राज्य के गांवों में चलाई जा रही यह डाक्यूमेंट्री वैनें पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले समारोहों का हिस्सा है।



