CricketIndiaTrending

मैसूर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से सनसनी, पत्नी और दो बेटियों के शव घर में मिले, पति फंदे से लटका मिला..

मैसूर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से सनसनी, पत्नी और दो बेटियों के शव घर में मिले, पति फंदे से लटका मिला..

कर्नाटक के मैसूर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर पति, पत्नी और उनकी दो मासूम बेटियों के शव मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में इसे हत्या के बाद आत्महत्या (मर्डर-सुसाइड) का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 42 वर्षीय हरीश, उनकी 34 वर्षीय पत्नी निश्चिता, 12 वर्षीय बेटी निक्शा और 8 वर्षीय बेटी रक्षा के रूप में हुई है। यह परिवार मैसूर के हुंसूर स्थित न्यू मारुति लेआउट में रहता था।

जांच में सामने आया कि हरीश का शव घर की पहली मंजिल पर फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और दोनों बेटियों के शव घर के निचले हिस्से में पड़े थे। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि पहले पत्नी और दोनों बच्चियों की हत्या की गई और उसके बाद हरीश ने आत्महत्या कर ली। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे घर को सील कर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। हरीश रियल एस्टेट और अन्य कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे की वजह क्या थी।

एक साथ चार लोगों की मौत की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply