CrimeIndiaTrending

मां की मौत छिपाकर 3 साल तक उठाता रहा पेंशन, महिला का भेष बदलकर अधिकारियों को देता रहा चकमा; खुलासे से दहल उठा इटली..

मां की मौत छिपाकर 3 साल तक उठाता रहा पेंशन, महिला का भेष बदलकर अधिकारियों को देता रहा चकमा; खुलासे से दहल उठा इटली..

इटली से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक 56 वर्षीय व्यक्ति पर आरोप है कि उसने अपनी मां की मौत छिपाकर करीब तीन साल तक उनके नाम पर मिलने वाली पेंशन और अन्य आर्थिक लाभ हासिल किए। इस अजीबोगरीब मामले को स्थानीय अधिकारियों ने “मिसेज डाउटफायर स्कैंडल” का नाम दिया है।

जांच के अनुसार, आरोपी की 82 वर्षीय मां की प्राकृतिक कारणों से मौत हो गई थी, लेकिन उसने इस बारे में अधिकारियों को कभी जानकारी नहीं दी। आरोप है कि उसने शव को घर के लॉन्ड्री रूम में एक स्लीपिंग बैग के भीतर छिपाकर रखा, जहां समय के साथ वह ममी जैसी अवस्था में पहुंच गया।

पुलिस के मुताबिक, मां की मौत के बाद आरोपी खुद ही उनका रूप धारण करने लगा। वह विग, महिलाओं के कपड़े और मेकअप का इस्तेमाल करता था तथा अपनी मां की तरह बोलने और चलने की कोशिश करता था, ताकि पड़ोसियों और सरकारी अधिकारियों को कोई शक न हो। इसी दौरान उसने कथित तौर पर मां के पहचान संबंधी दस्तावेज भी अपडेट करवा लिए और लगातार उनकी पेंशन प्राप्त करता रहा।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को मां की पेंशन और उनकी संपत्तियों से हर साल हजारों डॉलर का आर्थिक लाभ मिल रहा था।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पहचान पत्र के नवीनीकरण के दौरान एक सरकारी कर्मचारी को महिला के हावभाव और शारीरिक बनावट पर संदेह हुआ। रिकॉर्ड की जांच और तस्वीरों के मिलान के बाद अधिकारियों ने जांच शुरू की।

जब पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली तो वहां से उसकी मां का शव बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित आरोपों में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply