कानपुर : आईआईटी कानपुर के बी.टेक साइबर सुरक्षा पाठ्यक्रम में प्रवेश नहीं मिलने पर एक छात्र द्वारा संस्थान की वेबसाइट हैक करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हालांकि, इस संवेदनशील मामले में संस्थान ने पुलिस केस या कानूनी कार्रवाई करने के बजाय बड़ा दिल दिखाते हुए छात्र का भविष्य सुरक्षित रखने का फैसला किया है।

आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के प्रस्ताव को बदलते हुए, उसे संस्थान के ‘C3iHub’ केंद्र में इंटर्नशिप देने पर विचार करने की बात कही है।
वेबसाइट हैक कर छात्र ने लिखा ‘मुझे बस एक मौका चाहिए’
जानकारी के मुताबिक, बी.टेक साइबर सुरक्षा प्रवेश प्रक्रिया के तहत आयोजित हैकथॉन में यह छात्र अपनी प्रतिभा साबित करने में चूक गया था। इसके बाद प्रवेश खारिज होने पर उसने आईआईटी कानपुर की वेबसाइट में सेंध लगा दी और वहां एक मैसेज छोड़ दिया— “Site is Hacked, All I Need is Just a Fair Chance” ।
अपनी साइबर सिक्योरिटी स्किल्स साबित करने के लिए छात्र ने इस हैक के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ और ‘रेडिट’ पर भी शेयर किए।
एडमिशन प्रक्रिया बंद, पर C3iHub में मिलेगा मौका: प्रो. अग्रवाल
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि बी.टेक साइबर सुरक्षा में एडमिशन की प्रक्रिया पहले ही बंद हो चुकी थी और इसमें कई कानूनी व प्रक्रिया से जुड़े पहलू शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा, “हम छात्र का भविष्य खराब नहीं करना चाहते थे, इसलिए हमने उसे एक मौका देने का फैसला किया है। हम C3iHub में इंटर्नशिप के लिए उस पर विचार कर रहे हैं। वह अगले साल एडमिशन के लिए दोबारा कोशिश कर सकता है।”
गौरतलब है कि इससे पहले भी सीबीएसई पोर्टल की खामियां उजागर करने वाले एक रिसर्चर को आईआईटी कानपुर के C3iHub केंद्र में काम करने का मौका दिया गया था।
छात्रों को चेतावनी: सही और कानूनी रास्ता ही अपनाएं
प्रो. अग्रवाल ने इस घटना के जरिए अन्य छात्रों को भी एक जरूरी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अपने लक्ष्य को पाने या मौका हासिल करने के लिए इस तरह के गैरकानूनी तरीके अपनाना बिल्कुल सही नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया, “छात्रों को हमेशा सही और कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए और ऐसी गतिविधियों से बचना चाहिए जिनके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। हम साइबर सिक्योरिटी में माहिर लोगों का स्वागत करते हैं वे अपना सीवी हमारे साथ शेयर करें, हम C3iHub में इंटर्नशिप या नौकरी के लिए उन पर जरूर विचार करेंगे।”



