मनाली : पहाड़ों की रानी मनाली में बीती रात एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आधी रात के घुप्प अंधेरे में एक सफर उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे गहरे नाले में जा गिरी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चीखपुकार और अंधेरे के बीच पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

क्लब हाउस के पास ऐसे हुआ यह खौफनाक हादसा
यह दिल दहला देने वाली घटना मनालीशनगपलचान मार्ग पर मशहूर क्लब हाउस के पास स्थित मनालसु नाले की है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब एक बजे काले रंग की एक जिमनी कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से लगभग 20 फीट नीचे मनालसु नाले में जा समाई। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी जयंत तिवारी की नजर गाड़ी पर पड़ी। उन्होंने बिना कोई देरी किए रात के एक बजे ही पुलिस को इस खौफनाक हादसे की सूचना दी। कॉल मिलते ही मनाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद बचाव कार्य शुरू किया।
मंडी और कुल्लू के रहने वाले हैं मृतक और घायल
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मंडी जिले के नगवाईं निवासी 32 वर्षीय रोहित कुमार और कुल्लू जिले के बजौरा निवासी करुण बोध के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में बालबाल बचे लेकिन गंभीर रूप से घायल तीन लोगों में मंडी के झीडी निवासी विवेक, थुनाग निवासी नरेश कुमार और कुल्लू के भुंतर की रहने वाली उर्मिला शामिल हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत मनाली के अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका सघन इलाज कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव
मनाली थाना प्रभारी मुनीश शर्मा ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे का शिकार हुए दो युवकों की नाले में गिरने के बाद मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मनाली के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस प्रशासन की तरफ से मृतकों और घायलों के परिजनों को इस मनहूस खबर की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के असल कारणों की बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शवों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।



