अमृतसर : अमृतसर देहात पुलिस ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए हो रही नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतपाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव सूफियां के खेतों से करीब 10 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जबकि तस्कर फरार हो गए।

प्राथमिक जांच के अनुसार, यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में गिराई गई थी। तस्कर खेतों से इसे उठाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते वे मौके से भाग निकले। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने खेतों से 10 सीलबंद पैकेट बरामद किए, जिनमें करीब 10 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन होने की आशंका है।
पुलिस ने मौके से बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि वाहन के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार तस्करों तक पहुंचने में अहम सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल मोटरसाइकिल के मालिक और उससे जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों की गहन जांच कर रही है, ताकि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की लगातार कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां और पंजाब पुलिस ऐसी साजिशों को लगातार नाकाम कर रही हैं। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।



