
लखनऊ, अमृत विचार : गैस उपभोक्ता 15 अगस्त तक हर हाल में ईकेवाईसी करा लें नहीं तो गैस सिलेंडर पर सब्सिडी बंद हो सकती है। तेल कंपनियों के ऐप पर या अपने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के यहां जाकर गैस उपभोक्ता ईकेवाईसी करा सकते हैं। 15 के बाद उपभोक्ताओं को महंगे दाम पर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है। 14.2 किलो गैस सिलेंडर के लिए 979.50 रुपये की जगह 2138 रुपये चुकाने पड़ेंगे।
राजधानी में करीब 12 लाख एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ता हैं। तेल कंपनियाें के निर्देश पर डिस्ट्रीब्यूटर अपने उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी करा रहे हैं। अभी लगभग 3 लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने ईकेवाईसी नहीं कराई है। 15 अगस्त के बाद इन उपभोक्ताओं को समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
खुद घर बैठे कर सकते हैं ईकेवाईसी
तेल कंपनियों के ऐप पर जाकर अपने रजिस्टर्ड नंबर से एप डाउनलोड करना होगा। ईकेवाईसी अपडेट के विकल्प पर जाना होगा। फेस रिकग्निशन से जिसके नाम पर कनेक्शन है उसके चेहरे से मिलान होगा। इसके बाद ईकेवाईसी पूरा होने का मैसेज आ जाएगा। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के उपभोक्ता एचपी पे ऐप, भारत गैस के उपभोक्ता हेलो बीपीसीएल ऐप और इंडियन ऑयल के उपभोक्ता इंडियन ऑयल वन ऐप के माध्यम से घर बैठे ईकेवाईसी कर सकते हैं।
एलपीजी उपभोक्ता 15 तक तेल कंपनियों के एप पर जाकर घर बैठे ईकेवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा अपने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के यहां जाकर ईकेवाईसी करा सकते हैं। इसमें ज्यादा समय नहीं लगता है। 15 के बाद तेल कंपनियां ऐसे उपभोक्ताओं की गैस सिलेंडर पर सब्सिडी बंद कर सकती हैं।
जगदीश राज, यूपी सचिव, आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन
ः



