Agra Police Arrested Four Women: अगर आप आगरा या आसपास के किसी शहर में रहते हैं और घर के काम के लिए नौकरानी या घरेलू सहायिका रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए चेतावनी है। आगरा पुलिस ने ऐसे महिला गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पहले घरों में काम करके परिवार का भरोसा जीतता था और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये के जेवरात समेटकर फरार हो जाता था।

80 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का सनसनीखेज खुलासा
हरिपर्वत थाना क्षेत्र के विजयनगर स्थित पॉश अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में हुई करीब 80 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एसीपी हरिपर्वत अमीषा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ी तो हैरान करने वाली सच्चाई सामने आई।
एक ही परिवार की महिलाओं ने मिलकर की चोरी
पुलिस जांच में पता चला कि चोरी किसी पेशेवर गैंग ने नहीं, बल्कि एक ही परिवार की महिलाओं ने मिलकर की थी। घर में काम करने वाली महिला ने अपनी मां, बहन और भाभी के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची। पहले घर की गतिविधियों और कीमती सामान की जानकारी जुटाई गई, फिर सही समय देखकर चोरी को अंजाम दिया गया।
हरिपर्वत पुलिस ने चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 80 लाख रुपये के के आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने बरामद जेवरों को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह अन्य जिलों में भी सक्रिय रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं और बिना जांचपड़ताल के किसी को घर की जिम्मेदारी न सौंपें।



