
इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 27 वर्षीय विनय यादव ने कथित तौर पर वैवाहिक विवाद और पत्नी की लगातार धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि विनय की पत्नी रंजना अक्सर फोन पर उसे धमकाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। परिवार का दावा है कि वह कई बार कहती थी, “मैं तुम्हें नीले ड्रम में भर दूंगी,” जिससे विनय बेहद भयभीत रहता था और लंबे समय से मानसिक तनाव में जी रहा था।
परिजनों के मुताबिक, पत्नी की कथित प्रताड़ना और लगातार बढ़ते तनाव को वह सहन नहीं कर सका। 31 जुलाई को उसने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिवार के लोगों ने उसे देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



