
स्कूल के अंदर घुसा नकाबपोश, महिला टीचर पर बरसाए चाकू के ताबड़तोड़ वार; CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली वारदात
हरियाणा के फरीदाबाद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल में दिनदहाड़े घुसे नकाबपोश हमलावर ने महिला शिक्षिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। यह पूरी वारदात स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह महिला शिक्षिका रोज की तरह स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे एक युवक स्कूल में दाखिल हुआ और उनसे मिलने की बात कही। जैसे ही शिक्षिका स्कूल के गेट पर पहुंचीं, आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने महिला के गर्दन और शरीर पर कई बार चाकू से हमला किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर स्कूल स्टाफ और अन्य लोग बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी हाथ में चाकू लहराते हुए उनकी ओर भी बढ़ गया। इससे लोग पीछे हट गए और आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
घायल शिक्षिका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों और अभिभावकों में भी दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



