
सोशल मीडिया की ‘दुनिया’ में हर दिन नए ट्रेंड आते हैं, लेकिन कुछ खबरें ऐसी होती हैं जो सालों बाद भी जब इंटरनेट पर दोबारा सामने आती हैं, तो लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाते. वॉशिंगटन के रहने वाले क्रिस ‘बर’ मार्टिन (Burr Martin ) और उनकी बेटी का ऐसा ही एक पुराना मजेदार किस्सा एक बार फिर सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है.
अक्सर जब बच्चे सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा एक्टिव या बोल्ड फोटोज पोस्ट करते हैं, तो माता-पिता उन्हें डांटते या समझाते हैं. लेकिन अमेरिका के स्पोकेन के रहने वाले क्रिस मार्टिन ने अपनी बेटी कैसी (Cassie ) को सबक सिखाने के लिए ऐसा रास्ता चुना, जिसने उन्हें दुनिया भर में ‘Selfie Dad’ के नाम से मशहूर कर दिया.
बेटी को लेक्चर देने के बजाय चुना ट्रोलिंग का मजेदार रास्ता
यह कहानी साल 2016 में शुरू हुई थी, जब 19 साल की कैसी अपनी बोल्ड और ज्यादा पोज वाली सेल्फीज इंस्टाग्राम पर अपलोड करती थी. इन तस्वीरों पर लड़कों के कई तरह के भद्दे कमेंट्स भी आते थे. क्रिस एक आम पिता की तरह बेटी को डांट-फटकार सकते थे, लेकिन उन्होंने कुछ अलग करने की सोची. उन्होंने बेटी की हर एक सेल्फी को हूबहू रीक्रिएट करना शुरू कर दिया. मकसद सिर्फ इतना था कि बेटी को मजाकिया अंदाज में यह अहसास कराया जा सके कि उसकी तस्वीरें कैसी लग रही हैं.
पिता ने बारीकियों से जीता इंटरनेट का दिल
क्रिस ने अपनी बेटी के पोज, चेहरे के हाव-भाव और कपड़ों की नकल उतारने में गजब की क्रिएटिविटी दिखाई. बेटी की घनी आइब्रो बनाने के लिए उन्होंने ब्लैक डक्ट टेप का इस्तेमाल किया. सिर के क्राउन के लिए पेड़ की पत्तियां लगाईं. बेटी के टैटू की नकल करने के लिए मार्कर पेन से अपने शरीर पर वैसा ही टैटू बना लिया. जब कैसी ने अपने पिता की ये मजेदार तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, तो इंटरनेट पर हंसी का ठहाका गूंज उठा.
बेटी से भी आगे निकले पापा, फॉलोअर्स का रिकॉर्ड टूटा
यह मजाक तब इस कदर हिट हुआ कि क्रिस रातों-रात इंटरनेट सनसनी बन गए. देखते ही देखते क्रिस के इंस्टाग्राम पर 150,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए और उन्होंने फॉलोअर्स की रेस में अपनी ही बेटी को पीछे छोड़ दिया. इस घटना ने पिता-बेटी के रिश्ते को और मजबूत किया. दोनों ने एक साथ कई बड़े टीवी टॉक शोज में शिरकत की और ‘पीपल मैगजीन’ से लेकर ‘बोर्ड पांडा’ तक, हर जगह उनकी तस्वीरें छाई रहीं.
‘Selfie Dad’ का हुआ ये असर
क्रिस का यह कूल अंदाज सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा. क्रिस ने अपने इस वायरल फेम का फायदा उठाया और स्टैंड-अप कॉमेडी के अलावा इवेंट होस्टिंग की दुनिया में कदम रखा. साल 2020 में उनके इस वायरल ट्रेंड से प्रेरित होकर ‘Selfie Dad’ नाम से एक कॉमेडी फिल्म भी बनी. क्रिस और उनकी बेटी की कहानी को पढ़कर लोग आज भी यही करते हैं, पिता हो तो ऐसा.


