नई दिल्ली : श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक , एनएचपीसी को इनेर्शिया फाउंडेशन और रेपा के तत्वावधान में ‘हाइड्रोपावर फोरम ऑफ इंडिया’ द्वारा नई दिल्ली में आयोजित 18वें हाइड्रो विज़न कॉन्क्लेव के दौरान प्रतिष्ठित “18वें इंडिया हाइड्रो एंड पीएसपी अवॉर्ड्स 2026” में “हाइड्रो विभूषण” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें समग्र रूप से जलविद्युत व नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, परियोजना प्रबंधन में उत्कृष्टता तथा चुनौतीपूर्ण कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व करने के लिए प्रदान किया गया है।

श्री संजय कुमार सिंह 24 जुलाई 2024 से एनएचपीसी में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। श्री सिंह, पेशेवर सिविल इंजीनियर और विद्युत एवं अवसंरचना के क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों का अनुभव रखते हैं। उनके नेतृत्व में, एनएचपीसी ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां जैसे 800 मेगावाट की पार्बतीII जलविद्युत परियोजना, 300 मेगावाट की बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना और 2,000 मेगावाट की सुबनसिरी लोअर जलविद्युत परियोजना की प्रत्येक 250 मेगावाट की चार इकाइयों को चालू करना, प्राप्त की हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्यनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कई जलविद्युत और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। एनएचपीसी में नियुक्ति से पहले, उन्होंने भारत और भूटान में वृहद जलविद्युत परियोजनाओं जैसे हिमाचल प्रदेश में नाथपा झाकड़ी जलविद्युत परियोजना , भूटान में ताला जलविद्युत परियोजना , उत्तराखंड में नैटवार मोरी जलविद्युत परियोजना और हिमाचल प्रदेश में सुन्नी जलविद्युत परियोजना के कार्यान्वयन/विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री संजय कुमार सिंह ने इस पुरस्कार को पूरे एनएचपीसी परिवार को समर्पित किया और संगठन के सभी कार्मिकों के समर्पण, तकनीकी उत्कृष्टता और सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि एनएचपीसी को परियोजना निष्पादन में उत्कृष्टता के माध्यम से भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में योगदान जारी रखने के लिए और अधिक प्रेरित करेगी।



