
पंजाब के लुधियाना में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। टिब्बा रोड स्थित गुरु नानक कॉलोनी में दो भाइयों पर अपने जीजा की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बिहार के अररिया जिले के मूल निवासी सोनू आलम के रूप में हुई है, जो लुधियाना में टाइल लगाने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, सोनू का अपनी पत्नी से काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। वह अपने साले और उसके भाई के साथ एक ही मकान में किराए पर रहता था। सोनू आगे के कमरे में रहता था, जबकि आरोपी दोनों भाई पीछे के कमरे में रहते थे। घटना के समय सोनू की पत्नी और आरोपियों की पत्नियां गांव गई हुई थीं।
पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात किसी बात को लेकर तीनों के बीच फिर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपियों ने पहले सोनू के साथ मारपीट की और फिर कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सोमवार सुबह सोनू का भाई मीराज आलम उससे मिलने पहुंचा तो वह कमरे में बेसुध पड़ा मिला। काफी प्रयास के बाद भी जब उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने उसकी मौत की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना टिब्बा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना टिब्बा के एसएचओ इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर नवी अली और उसके भाई आलम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।



