Best companies to work in India: नौकरी करने वाले हर इंसान की ख्वाहिश होती है कि उसे एक ऐसी कंपनी मिले जहां काम का ज्यादा तनाव न हो और पैसे भी अच्छे मिलें. अगर आप भी कभी सोचते हैं कि देश में काम करने के लिहाज से सबसे अच्छी कंपनियां कौन सी हैं, तो रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च 2026 की नई रिपोर्ट में इसका जवाब छिपा है. इस बड़े सर्वे के मुताबिक, नौकरी के लिए भारत में लोगों की सबसे पहली पसंद गूगल है.

इसके बाद टाटा ग्रुप और अमेजन का नंबर आता है. यह सर्वे दुनिया भर के 34 बाजारों में करीब पौने दो लाख लोगों से बातचीत पर आधारित है. भारत में भी 3500 कर्मचारियों ने अपनी बेबाक राय रखी है. इस रिपोर्ट से एक बात बिल्कुल साफ हो गई है कि अब घर से पूरी तरह काम करने का दौर खत्म हो रहा है और ऑफिस व घर दोनों जगह से काम करने का ‘हाइब्रिड मॉडल’ ही अब नया नियम बन गया है.
पुरानी नौकरी से क्यों ऊब रहे हैं लोग?
पहले लोग सिर्फ तब नौकरी बदलते थे जब उन्हें कहीं और ज्यादा पैसे मिलते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है. सर्वे के नतीजे काफी दिलचस्प हैं. आज के समय में 49 प्रतिशत लोग अपनी नौकरी सिर्फ इसलिए छोड़ देते हैं क्योंकि उनकी निजी जिंदगी और दफ्तर के काम के बीच का तालमेल बिगड़ जाता है. इसके अलावा 42 फीसदी लोग करियर में आगे बढ़ने का मौका न मिलने पर और 41 फीसदी लोग कम सैलरी की वजह से इस्तीफा दे देते हैं. अगर उम्र के हिसाब से देखें, तो करियर में ग्रोथ न दिखने पर 43 प्रतिशत मिलेनियल्स, 42 फीसदी जेनजेड और 39 प्रतिशत जेनएक्स कर्मचारी अपनी मौजूदा कंपनी को अलविदा कहना सही समझते हैं.
अब सिर्फ अच्छी सैलरी से नहीं मानेंगे कर्मचारी
साल 2020 के बाद से नौकरीपेशा लोगों की सोच में बहुत बड़ा बदलाव आया है. रैंडस्टैड इंडिया के एमडी नारायण अय्यर बताते हैं कि अब कर्मचारी किसी भी कंपनी को सिर्फ किसी एक फायदे या भत्ते के तराजू पर नहीं तौलते. वे एक ऐसा माहौल चाहते हैं जहां उन्हें हर तरह से संतुष्टि मिले. आज के समय में लगभग आधे कर्मचारी ऐसे हैं जो अगले छह महीनों में अपनी नौकरी बदलने की सोच रहे हैं. इसका सीधा मतलब है कि कंपनियों को अब सिर्फ ऊपरी फायदों से आगे बढ़कर सोचना होगा.
नौकरी की सुरक्षा का मतलब भी अब बदल गया है. अब समय पर अच्छी सैलरी के साथसाथ काम की तारीफ और करियर का सुरक्षित भविष्य भी उतना ही जरूरी है. इसके साथ ही, 46 फीसदी कर्मचारी चाहते हैं कि कंपनी के अंदर बातचीत में पूरी पारदर्शिता हो, ताकि वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें.
नए जमाने के डिजिटल कर्मचारियों की डिमांड
नए जमाने के तकनीकी और डिजिटल कर्मचारियों की सोच बाकी लोगों से काफी अलग है. जहां एक तरफ आम कर्मचारी वर्कलाइफ बैलेंस को सबसे ऊपर रख रहा है, वहीं डिजिटल क्षेत्र के 73 फीसदी कर्मचारियों के लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है उनकी मोटी सैलरी. इस सेक्टर के 55 फीसदी लोग करियर में ग्रोथ न मिलने पर नौकरी छोड़ने का मन बना लेते हैं. दूसरे सेक्टरों में यह संख्या काफी कम है, जैसे ऑपरेशनल काम करने वालों में यह 40 प्रतिशत और बाकी प्रोफेशनल्स में 43 प्रतिशत है.
भारत की 10 सबसे बेहतरीन कंपनियों की लिस्ट
रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च 2026 ने भारत की टॉप 10 कंपनियों की जो सूची जारी की है, वो इस प्रकार है.
- गूगल
- टाटा ग्रुप
- अमेजन
- सैमसंग इंडिया
- इंफोसिस
- रिलायंस इंडस्ट्रीज
- आईटीसी ग्रुप
- हिंदुस्तान यूनिलीवर
- महिंद्रा एंड महिंद्रा
- डेल टेक्नोलॉजीज



