
महमूदाबाद/सीतापुर, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि अंबरीश गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को बड़ी संख्या में तहसील पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी को सौंपा। मांग थी कि जनपद में लागू फेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाए।
किसानों ने कहा कि खतौनियों में अंश निर्धारण की प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है। ऐसे में किसान रजिस्ट्री के आधार पर खाद वितरण से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश किसान निरक्षर हैं तथा कई किसानों के पास स्मार्टफोन नहीं हैं। वहीं महंगे रिचार्ज और तकनीकी दिक्कतों के चलते पंजीकरण कराना भी कठिन हो रहा है।
नई व्यवस्था में फसलों के अनुसार उर्वरक की मात्रा का उचित निर्धारण नहीं किया गया है। इसके साथ ही खाद विक्रेताओं की जानकारी भी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं है। छोटे और सीमांत किसानों को आवश्यकता अनुसार फुटकर खाद उपलब्ध कराने के साथ वर्तमान व्यवस्था को तत्काल निरस्त करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



