
डिजिटल डेस्क, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम दर्शन किए और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था पार्थिव शरीर
उमाशंकर सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके लखनऊ स्थित आवास पर रखा गया था। यहां बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद हुआ निधन
रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा विधायक रहे उमाशंकर सिंह का बुधवार को कैंसर से लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। पूर्वांचल की राजनीति में उनकी अलग पहचान थी और वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे।
नेताओं का लगातार पहुंचना जारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी दिवंगत विधायक के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। सभी ने उनके निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया।



