
हेड कोच गौतम गंभीर से बात करते कप्तान शुभमन गिल
शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम फिलहाल श्रीलंका दौरे पर है। भारत को 15 अगस्त से श्रीलंका से दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भिड़ना है। वहीं, भारत को शुक्रवार (7 अगस्त) से कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (एनसीसी) ग्राउंड में श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेलना है। इस मैच पहला टीम इंडिया का माथा ठनका है। बताया जा रहा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट प्रैक्टिस मैच के लिए पिच पर छोड़ी गई घास से खुश नहीं। श्रीलंका में आमतौर पर पिच से स्पिनर्स को मदद मिलती है लेकिन पिच पर जितनी घास छोड़ी गई, वो मेहमान टीम को रास नहीं आई। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने अब अपने फैसले का बचाव करने के लिए एक अधिकारी को उतारा है। अधिकारी ने कहा कि तीन दिन के मैच के लिए पिच अच्छी रहेगी।
‘मैं यह नहीं कह सकता कि…’
ग्राउंड के अधिकारी ए. फ्रेंके ने रेवस्पोर्ट्ज से बातचीत में कहा, ”भारतीय टीम का कहना था कि पिच पर बहुत ज्यादा घास है। हालांकि, हम ऐसे ही रखते हैं क्योंकि यह तीन दिन का गेम है। आप बिना घास वाला विकेट नहीं दे सकते। इसके अलावा, वे पिच से खुश थे। हमने जो विकेट दिया है वह अच्छा है। मैं नहीं कह सकता कि यह किसी टीम के लिए फायदेमंद होगा या नहीं। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि वे कैसे खेलते हैं।” फ्रेंके ने आगे बताया कि एसएलसी ने पिच पर घास छोड़ने की गुजारिश की थी।
फ्रेंके ने एक सलाह भी दे डाली
पिच क्यूरेटर ने कहा, ”श्रीलंका क्रिकेट ने थोड़ी घास की रिक्वेस्ट की थी, इसलिए हम ऐसा ही रखेंगे। हो सकता है कि कंडीशन बदल जाएं, लेकिन आमतौर पर एनसीसी विकेट बैटिंग के लिए अच्छा होता है। हमें उम्मीद है कि यहां बड़े स्कोर बनेंगे। लेकिन भारतीय बल्लेबाज गॉल जाने से पहले यहां अच्छी प्रैक्टिस कर सकते हैं। हमारी पिच दूसरे या तीसरे दिन स्पिनरों की मदद कर सकती है। लेकिन मैं यहां टॉस जीतने वाले किसी कप्तान को पहले बैटिंग करने की सलाह दूंगा। हम हमेशा अच्छी और सही पिच विकेट तैयार करते हैं।”
स्पिन के खिलाफ खुद को परखेंगे
भारतीय बल्लेबाज ‘नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब’ मैदान पर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अपनी तैयारियों को पुख्ता कोशिश करेंगे। हाल के दिनों में घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखलाओं में भारतीय बल्लेबाजों की सबसे बड़ी कमजोरी बेहतर स्पिन गेंदबाजी के सामने उजागर हुई थी। श्रीलंका के खिलाफ भी परिस्थितियां कुछ अलग नहीं होंगी। श्रीलंका के पास विशेष रूप से घरेलू परिस्थितियों में प्रभावी स्पिन आक्रमण है। ऐसे में 15 अगस्त से गॉल में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से पहले यह अभ्यास मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



