
बिसवां/सीतापुर, अमृत विचार। निर्माणाधीन नाले में डूबकर छह वर्षीय बालक की मौत के मामले में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली बिसवां में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बिसवां कस्बे के मोहल्ला जोशी टोला में जल निकासी के लिए नाला निर्माण कार्य चल रहा था।
3 अगस्त को हुई भारी बारिश के बाद नाले में पानी भर गया था। इसी दौरान छह वर्षीय सलमान खेलते समय नाले में गिर गया। लोगों ने उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
ठेकेदार पर दर्ज हुई FIR
घटना के बाद कराई गई प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। जांच में नाले के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम न होने की बात सामने आई। इसके आधार पर डीएम डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देश पर ठेकेदार राहुल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।



