IndiaPunjabTrending

जालंधर के सरकारी स्कूल में लिखे खालिस्तान नारे, प्रिंसिपल के कमरे में झंडा लगाने का दावा; मचा हड़कंप

जालंधर : जालंधर जिले के शाहकोट क्षेत्र के गांव कोटला हीरा स्थित एक सरकारी स्कूल में खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने और प्रिंसिपल के कमरे में खालिस्तान समर्थक झंडा लगाए जाने के दावे के बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी।

जालंधर के सरकारी स्कूल में लिखे खालिस्तान नारे, प्रिंसिपल के कमरे में झंडा लगाने का दावा; मचा हड़कंप

प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्कूल की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए हैं। वहीं, प्रिंसिपल के कार्यालय में खालिस्तान समर्थक झंडा लगाए जाने का भी दावा किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि यह घटना किसने और कब अंजाम दी।

इस बीच विदेश में बैठे घोषित आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वीडियो में उसने इस घटना का जिक्र करते हुए पंजाब सरकार को धमकी दी है और 15 अगस्त को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है। हालांकि, पुलिस वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जांच एजेंसियों ने स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसकी पड़ताल शुरू कर दी है। इसके अलावा स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है और जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में शांति और कानूनव्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply