TrendingUttar Pradesh

Barabanki News : मसौली ब्लॉक प्रशिक्षण में बासी लंच पर हंगामा, कर्मचारियों ने फेंके खाने के पैकेट

Barabanki News : मसौली ब्लॉक प्रशिक्षण में बासी लंच पर हंगामा, कर्मचारियों ने फेंके खाने के पैकेट

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। विकास खंड के सभागार में ओएसआर पोर्टल प्रशिक्षण के दौरान शुक्रवार को हंगामा खड़ा हो गया। प्रशिक्षण में शामिल ग्राम पंचायत अधिकारियों व पंचायत सहायकों को दिए गए लंच पैकेट से बदबू आने लगी। पैकेट खोलते ही बासी भोजन की दुर्गंध फैल गई, इससे नाराज कर्मियों ने भोजन खाने से इंकार करते हुए खराब खाना कूड़ेदान में फेंक दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत ब्लॉक सभागार में प्रशिक्षण दिया जा रहा था। कार्यक्रम में दोपहर के भोजन अवकाश के दौरान लंच पैकेट वितरित किए गए लेकिन भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब मिली, पैकेट खोलते ही उससे बदबू उठने लगी।

प्रशिक्षण में शामिल पंचायत सहायकों और ग्राम पंचायत अधिकारियों ने खराब व बासी भोजन परोसे जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह गलती से यह भोजन खा लेते तो उनकी तबीयत बिगड़ सकती थी। खराब भोजन को लेकर कुछ देर तक सभागार में अफरातफरी और विरोध का माहौल बना रहा।

मामले की जानकारी मिलते ही खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल खराब भोजन हटवाने के निर्देश दिए और सभी बासी लंच पैकेट वापस कराकर उनकी जगह ताजे भोजन के पैकेट वितरित कराए। इसके बाद मामला शांत हुआ और प्रशिक्षण कार्यक्रम दोबारा शुरू कराया गया। घटना ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

खाना बदलना था, बदल गया

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जितेन्द्र कुमार का कथन भी कम चौंकाने वाला नहीं रहा। वह बोले कि बासी खाना मिलने की शिकायत पर तत्काल पैकेट बदलवा दिए गए। आपूर्ति कर्ता पर कार्रवाई के सवाल पर वह बोले कि इसमें कार्रवाई की कोई बात ही नही है। खाना बदलना था, बदल गया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply