BiharCrimeIndiaTrending

5 महीने से लापता है चंदन, मां की दुआ और बच्चों का एक सवाल आज भी जिंदा रखे हुए है उम्मीद..

5 महीने से लापता है चंदन, मां की दुआ और बच्चों का एक सवाल आज भी जिंदा रखे हुए है उम्मीद..

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक परिवार की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है। पिछले पांच महीनों से एक परिवार अपने बेटे, पति और पिता के लौटने का इंतजार कर रहा है। घर की चौखट पर टिकी निगाहें आज भी उसी उम्मीद में हैं कि एक दिन चंदन कुमार राम सकुशल वापस लौट आएंगे।

रोजगार के लिए मुंबई गए, फिर अचानक हो गए लापता

समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड के हरसिंगपुर गांव निवासी 36 वर्षीय चंदन कुमार राम रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे। परिजनों के मुताबिक, 9 मार्च 2026 को मुंबई के पोगांव इलाके से वह अचानक लापता हो गए। उस दिन के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद है और अब तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से संपर्क करने के साथ-साथ कई स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन पांच महीने बाद भी कोई सुराग नहीं मिला।

मां की दुआ और पत्नी का इंतजार

चंदन की मां आज भी हर सुबह पूजा-अर्चना कर बेटे की सकुशल वापसी की प्रार्थना करती हैं। उनका कहना है कि उन्हें विश्वास है कि एक दिन उनका बेटा जरूर लौटेगा।

वहीं पत्नी निर्मला कुमारी भी हर दिन इसी उम्मीद के साथ गुजार रही हैं कि शायद आज कोई अच्छी खबर मिल जाए। लेकिन समय बीतने के बावजूद इंतजार खत्म नहीं हुआ है।

बच्चों का सवाल सबसे ज्यादा दर्द देता है

परिवार के लिए सबसे मुश्किल पल तब आता है, जब चंदन के दोनों छोटे बच्चे अपने पिता के बारे में पूछते हैं। पांच साल की अनुष्का और ढाई साल का आरव रोज अपनी मां से पूछते हैं, “पापा कब आएंगे?” इस सवाल का जवाब देना परिवार के लिए सबसे कठिन हो गया है।

लोगों से की गई मदद की अपील

परिजनों के अनुसार, चंदन का मोबाइल नंबर 7208891125 घटना के बाद से लगातार बंद आ रहा है। परिवार ने आम लोगों से भी मदद की अपील की है। यदि किसी को चंदन कुमार राम के बारे में कोई जानकारी मिले या कहीं दिखाई दें, तो 9525951344 पर संपर्क कर सूचना देने का अनुरोध किया गया है।

परिवार को आज भी उम्मीद है कि चंदन सुरक्षित लौटेंगे और एक बार फिर अपने बच्चों, पत्नी और मां के बीच होंगे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply