बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। कांवड़ यात्रा और पवित्र सावन महीने के दौरान मांसमदिरा की बिक्री पर सख्त पाबंदी के बावजूद एक दुकानदार सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहा था। प्रशासन की सख्त चेतावनी के बाद भी कांवड़ मार्ग पर धड़ल्ले से नॉनवेज बिरयानी बेची जा रही थी। मामले की भनक जैसे ही हिंदू संगठनों को लगी, उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर ऐसा एक्शन लिया कि इलाके के बाकी दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

हिंदू संगठन की शिकायत पर पुलिस का सख्त एक्शन
यह पूरा मामला बहेड़ी कस्बे के नए रोडवेज बस स्टैंड के सामने वाले हाईवे का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला लोधीपुरा का रहने वाला सलमान नाम का एक युवक यहां मुर्गा बिरयानी की दुकान चलाता है। प्रशासन की तरफ से सावन के महीने में कांवड़ मार्ग पर मांस और नॉनवेज की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद सलमान अपनी दुकान पर नियमों को ताक पर रखकर नॉनवेज बिरयानी बेच रहा था। इसकी भनक विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शानू गंगवार को लगी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई और आरोपी दुकानदार सलमान को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
मौके पर गरजा बुलडोजर, तहसनहस हुई दुकान
प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले इस दुकानदार को कड़ा सबक सिखाया। पुलिस और नगर पालिका की टीम ने तुरंत मौके पर बुलडोजर मंगवाया और दुकान पर ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई की। देखते ही देखते बुलडोजर ने दुकान के टिनशेड और काउंटर को पूरी तरह से ढहा दिया। इस सख्त और त्वरित कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का किसी भी सूरत में उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से अन्य दुकानदारों में भारी दहशत का माहौल है और निगरानी टीमें कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त कर रही हैं।
अवैध कॉलोनियों पर भी चला बीडीए का पीला पंजा
नॉनवेज की दुकान के अलावा, बरेली विकास प्राधिकरण ने भी अवैध निर्माण के खिलाफ अपना कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को बीडीए की प्रवर्तन टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बसाई जा रही दो कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार के मुताबिक, गांव बारीनगला में वरुण शंखवार द्वारा करीब 4000 वर्गमीटर में और बुखारा रोड पर नेम चंद्र सक्सेना व पोषाकी लाल द्वारा लगभग 5000 वर्गमीटर में बिना किसी प्रशासनिक मंजूरी के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां बन रही सड़कों, गेट और बाउंड्रीवाल को बुलडोजर से पूरी तरह ढहा दिया।



