जालंधर पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कथित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मॉड्यूल के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 86P हैंड ग्रेनेड बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, समय रहते कार्रवाई कर पंजाब में संभावित आतंकी वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया गया।

विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे अपने हैंडलर्स के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार, उसे पंजाब में बड़ी वारदात को अंजाम देने के निर्देश मिले थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर जालंधर के आदमपुर के पास एक डेड ड्रॉप लोकेशन से हैंड ग्रेनेड हासिल किया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को किस लक्ष्य को निशाना बनाने के लिए निर्देश दिए गए थे।
BNS और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस
मामले में थाना सदर नवांशहर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है, ताकि उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
स्थानीय मददगारों से लेकर विदेशी नेटवर्क तक जांच
पुलिस की टीमें मॉड्यूल से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान स्थानीय स्तर पर मदद करने वालों, फंडिंग करने वालों और विदेश में बैठे कथित हैंडलर्स की भूमिका खंगाली जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद ग्रेनेड कहां से आया था और इसका इस्तेमाल किस संभावित आतंकी गतिविधि के लिए किया जाना था।
DGP ने कहा आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
पंजाब पुलिस के डीजीपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य में आतंकवाद, सीमा पार से संचालित साजिशों और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में शांति, कानूनव्यवस्था और भाईचारा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


