IndiaUttar Pradesh

Gorakhpur News: गोरखपुर में CM योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा, बोले- असंख्य क्रांतिकारियों के बलिदान से मिली आजादी

Gorakhpur News: गोरखपुर में CM योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा, बोले- असंख्य क्रांतिकारियों के बलिदान से मिली आजादी

गोरखपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर के टाउनहाल से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत के आन, बान और शान की पहचान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा को देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित किया।

सीएम योगी ने कहा कि भारत की आजादी किसी एक व्यक्ति या परिवार के प्रयासों का परिणाम नहीं थी, बल्कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कई नायकों को लंबे समय तक वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।

स्वतंत्रता आंदोलन का केंद्र रहा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का केंद्र बिंदु उत्तर प्रदेश रहा है। मंगल पांडेय द्वारा शुरू हुई क्रांति की चिंगारी आगे चलकर गोरखपुर के शहीद बंधू सिंह, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, बिठूरकानपुर के तात्या टोपे और मेरठ के धन सिंह कोतवाल जैसे क्रांतिकारियों के नेतृत्व में व्यापक आंदोलन में बदल गई। उन्होंने कहा कि देखते ही देखते आजादी की लड़ाई गांवों से निकलकर पूरे देश में फैल गई और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा हुआ।

चौरी चौरा और काकोरी कांड का किया जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए भारत के वीरों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। चौरी चौरा की घटना ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी, जबकि काकोरी ट्रेन एक्शन ने अंग्रेजों द्वारा भारत से लूटे जा रहे धन को वापस हासिल करने और स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा देने का काम किया।उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने काकोरी की घटना को ‘डकैती’ कहा था और दुर्भाग्य से आजादी के बाद भी लंबे समय तक इसे उसी रूप में पढ़ाया जाता रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रांतिकारियों के इससे बड़े अपमान की कल्पना नहीं की जा सकती।

‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ नाम देकर सम्मान दिया गया : योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काकोरी की घटना को ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ के रूप में सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत को लूट रहे थे, क्रांतिकारियों ने उन्हीं से देश का धन वापस हासिल किया था। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद भी अनेक क्रांतिकारियों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। कई क्रांतिकारियों की मूर्तियां स्थापित नहीं की गईं और उनके नाम पर संस्थाओं का नामकरण भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक एक ही परिवार के नाम पर संस्थाओं और योजनाओं के नाम रखे जाते रहे।

युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों से जोड़ने का प्रयास

सीएम योगी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए देश की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गोरखपुर की तिरंगा यात्रा भी उन्हीं वीर क्रांतिकारियों को सम्मान और श्रद्धांजलि देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश के नागरिकों से अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।

घर पर तिरंगा फहराने के अधिकार का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अलगअलग समय पर स्वतंत्रता सेनानियों ने विभिन्न प्रकार के ध्वजों के साथ आजादी की लड़ाई को गति दी। आजादी के बाद भी लंबे समय तक आम भारतीयों को अपने घर पर राष्ट्रध्वज फहराने का अधिकार नहीं था। इसके लिए लोगों को न्यायालय तक जाना पड़ा। सीएम योगी ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि जिस राष्ट्रध्वज को घर पर लगाने के लिए पहले भारत के नागरिकों को न्यायालय में लड़ाई लड़नी पड़ती थी, आज वही तिरंगा हर घर की शान बन रहा है।

रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर किया पुष्पार्चन

तिरंगा यात्रा शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर के टाउनहाल से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा की शुरुआत की।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply