हैदराबाद के चारमीनार के पास रात 9 बजे एक शख्स ने खुद को रैपिडो ड्राइवर बताकर महिला को बाइक पर बिठाने की कोशिश की. महिला ने आईडी मांगी तो पोल खुल गई. जानिए पूरा मामला.
)
Hyderabad Viral Video: हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार के पास से एक बेहद चौंकाने वाला और आंखें खोल देने वाला मामला सामने आया है. रात के करीब 9 बजे ऑटो का इंतजार कर रही एक महिला के पास एक संदिग्ध शख्स पहुंचा और खुद को ‘रैपिडो’ ड्राइवर बताकर उसे घर छोड़ने का ऑफर देने लगा. महिला को जैसे ही उस पर शक हुआ, उसने तुरंत अपना फोन निकाला और वीडियो रिकॉर्ड करते हुए उसकी क्लास लगा दी. जब महिला ने उससे रैपिडो आईडी मांगी, तो वह ऑन-कैमरा अपने फोन में ऐप डाउनलोड करने लगा. इस जांबाज लड़की की समझदारी और हिम्मत का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
‘फर्जी’ ड्राइवर ने लड़की से पूछे सवाल
सिद्धी नाम की पीड़ित महिला ने इस पूरी घटना का आपबीती वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. सिद्धी द्वारा अपलोड किए गए वीडियो के मुताबिक, रात 9 बजे के आसपास वह चारमीनार के पास अकेले ऑटो का इंतजार कर रही थी. तभी इरफान नाम का एक शख्स अपनी बाइक लेकर उसके पास रुका और पूछा कि क्या उसे राइड चाहिए. सिद्धी को उसकी हरकतों पर तुरंत शक हो गया क्योंकि उसने कोई बाइक राइड बुक ही नहीं की थी.
ऑन-कैमरा खुली पोल
सिद्धी ने बिना डरे अपने मोबाइल का कैमरा चालू किया और उससे उसकी रैपिडो ड्राइवर आईडी दिखाने को कहा. आईडी दिखाने के बजाय वह शख्स महिला के सामने ही अपने फोन में रैपिडो ऐप डाउनलोड करने लगा. जब सिद्धी ने उससे पूछा कि उसने बुकिंग न होने के बावजूद राइड ऑफर क्यों की, तो उसके पास कोई जवाब नहीं था. इतना ही नहीं, सिद्धी ने गौर किया कि उसकी बाइक पर आगे-पीछे कोई रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट भी नहीं थी. जब सिद्धी ने इस पर सवाल उठाया तो उसने अजीब सा बहाना बनाया कि वह ज्यादा राइड्स नहीं लेता, इसलिए नंबर प्लेट की जरूरत नहीं है. इस पर सिद्धी उस पर बुरी तरह भड़क गई.
“यह डर फैलाने के लिए नहीं”
सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए सिद्धी ने साफ किया कि वह आमतौर पर रैपिडो ऐप का इस्तेमाल करती है और इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा करती है. उसने लिखा, “मैं किसी में डर पैदा नहीं करना चाहती, बल्कि महिलाओं को जागरूक करना चाहती हूं. रात के समय किसी भी अनजान व्यक्ति की गाड़ी में बैठने से पहले ऐप के जरिए ड्राइवर की आईडी और नंबर प्लेट को जरूर वेरीफाई करें.” सिद्धी ने यह भी कहा कि उसकी शिकायत रैपिडो कंपनी से नहीं, बल्कि उस शख्स से है जिसने कंपनी के नाम का गलत इस्तेमाल किया.
यह वीडियो वायरल होते ही कमेंट सेक्शन में लोग सिद्धी की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि जिस तरह से उसने हिम्मत दिखाकर आरोपी का वीडियो बनाया और सवाल पूछे, उससे अन्य लड़कियों को भी सीख मिलेगी. कई लोगों ने हैदराबाद सिटी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए बिना नंबर प्लेट के घूम रहे इस संदिग्ध शख्स के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.



