
हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक पिता हैवान बन गया, उसने अपने छह वर्षीय बच्चे को रावी नदी में धकेल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और एएसपी चंबा दिनेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस और स्थानीय लोग नदी के किनारे बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं। पिता ने खुद पुलिस को बताया कि मैंने अपना बेटा रावी नदी में फेक दिया है। पुलिस ने पिता पर मुकदमा दर्ज कर लिया है
चंबा-पठानकोट मार्ग पर परेल पुल से बच्चे को रावी नदी में धक्का दिया और फिर चंबा थाना के तहत सुल्तानपुर पुलिस चौकी आकर खुद गुनाह कबूल किया कि मैंने अपने बच्चे को नदी में धक्का दे दिया है।
पत्नी से विवाद के बीच खौफनाक कदम
थाना सदर चंबा में जयपाल पुत्र ज्ञान चंद, निवासी डमूई चंबा के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। बयान के अनुसार उसके बेटे हितेश कुमार का पत्नी सारिका से लंबे समय से विवाद चल रहा था। लगभग एक महीना पहले सारिका अपने छोटे बेटे पुष्पेन्द्र को लेकर अमृतसर चली गई थी, जबकि बड़ा बेटा गगनदीप सिंह हितेश के साथ रह रहा था। उन्होंने बताया कि हितेश ने फोन कर बताया कि उसने गगनदीप को रावी नदी में फेंक दिया है। सुबह परेल स्थित क्वार्टर में पूछताछ करने पर उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने गगनदीप को मोटरसाइकिल से परेल पुल के पास ले जाकर रावी नदी में फेंक दिया है।
पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रावी नदी के आसपास संभावित स्थानों पर तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी नदी के किनारे-किनारे बच्चे की तलाश कर रहे हैं। नदी के बहाव और आसपास के दुर्गम क्षेत्र को देखते हुए तलाश अभियान में पुलिस को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
आसपास के लोगों के भी बयान दर्ज
एएसपी चंबा की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी लेने का प्रयास किया है, ताकि मामले की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।



