
नेमदारगंज थाना क्षेत्र के जसौली गांव में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विवाहिता के पिता ने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नेमदारगंज गांव निवासी उमेश प्रसाद यादव ने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री नेहा कुमारी की शादी जसौली गांव निवासी अजीत कुमार से हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उन्होंने 2.50 लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल के लिए 70 हजार रुपये, सोने की चेन समेत फर्नीचर, फ्रिज, कूलर, गोदरेज, बक्सा और अन्य घरेलू सामान दिया था।
आरोप है कि इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर नेहा को प्रताड़ित करने लगे।
खाने में जहर मिलाकर मारने का प्रयास
आवेदन में पति अजीत कुमार, उसके पिता सुमित यादव, अजाद कुमार, उमा देवी, श्याम यादव, काजल कुमारी, अर्चना कुमारी, कंचना देवी और अप्पा देवी के नाम आरोपित के रूप में दिए गए हैं।
पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के भोजन में जहर मिलाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद उसे कमरे में बंद कर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। किसी तरह विवाहिता ससुराल से निकलकर मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
जून में कर ली दूसरी शादी
पिता के अनुसार, परिजनों और ग्रामीणों ने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाहिता को वापस रखने के लिए वे तैयार नहीं हुए। इसी बीच पति अजीत कुमार ने 22 जून 2026 को दूसरी शादी पुनम देवी से कोर्ट मैरिज कर ली। इससे विवाहिता और उसके मायके वाले परेशान हैं।
नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसआई मनीष कुमार निराला को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



