
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कठैया धांगड़ टोली में समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कार्यालय खोलकर 60 से अधिक महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
संचालक ने महिलाओं से तीन-तीन हजार रुपये बीमा के नाम पर जमा कराकर प्रत्येक को 60 हजार रुपये का लोन देने का भरोसा दिया था। बताया जाता है कि करीब दस दिन पहले कठैया धांगड़ टोली स्थित राजू पासी के मकान में किराए पर कार्यालय खोला गया था।
कंपनी का हेड आफिस उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में है। संचालक ने सोमवार की शाम तक महिलाओं के खातों में 60 हजार रुपये भेजने का वादा किया था। राशि नहीं पहुंचने पर मंगलवार को दर्जनों महिलाएं कार्यालय पहुंचीं।
वहां कंपनी का बोर्ड गायब मिला और संचालक फरार था। कमरे में टेबल पर कुछ कागजात पड़े थे। इसके बाद महिलाओं ने कार्यालय के समक्ष जमकर हंगामा किया।
ठगी की शिकायत करने वाली महिलाओं में रंजू देवी, चंद्रमा देवी, रुकसाना खातून, गोनिया देवी, चंद्रावती देवी, कृष्णावती देवी, इंदु देवी, सविता देवी, जॉनी देवी, प्रतिमा देवी, नीतू देवी और रीता देवी समेत दर्जनों महिलाएं शामिल हैं।
महिलाओं ने संचालक पर ठगी का आरोप लगाते हुए जमा राशि वापस कराने और कार्रवाई की मांग की है। मामले में थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
- फर्जी फाइनेंस कंपनी खोल महिलाओं से लाखों की ठगी कर संचालक फरार
- 60 हजार का लोन देने का झांसा देकर महिलाओं से वसूले थे तीन-तीन हजार रुपये
- करीब 1.80 लाख की ठगी करने के बाद कंपनी का संचालक बोर्ड लेकर भागा
- समाधान माइक्रोक्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी का यूपी में है हेड आफिस



)