
झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने और डॉक्टर व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर करीब 2.03 करोड़ रुपये ऐंठने का आरोप सामने आया है। डॉक्टर की पत्नी ने राजीवनगर थाना और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित एक कोचिंग संस्थान की संचालिका, उसके पति और दो अन्य सहयोगियों पर संगठित तरीके से रकम वसूलने का आरोप लगाया गया है।
इलाज के नाम पर 20 हजार से शुरू हुई रकम की मांग
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2024 में महिला और उसके पति ने पूर्व परिचय का हवाला देते हुए डॉक्टर के व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया।
शुरुआत में महिला ने अपनी मां के इलाज के लिए 20 हजार रुपये की मदद मांगी। इसके बाद अलग-अलग जरूरत और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर रुपये मांगने का सिलसिला बढ़ता गया।
कोचिंग खोलने के नाम पर मांगे 10 लाख
आरोप है कि महिला ने मिठनपुरा में नया कोचिंग संस्थान खोलने की बात कहकर डॉक्टर से 10 लाख रुपये मांगे। उसने भरोसा दिलाया कि संस्थान से होने वाली आमदनी के बाद पहले लिए गए रुपये वापस कर दिए जाएंगे। शिकायत के अनुसार, डॉक्टर ने पांच-छह महीने के भीतर 10 लाख रुपये और दिए।
पुरानी सेल्फी दिखाकर दुष्कर्म केस की धमकी
शिकायत में बताया गया है कि नवंबर 2025 में आरोपितों ने डॉक्टर को मुशहरी स्थित एक कार्यालय के पास बुलाया। वहां एक पुरानी सेल्फी का हवाला देकर उन्हें कथित तौर पर डराया-धमकाया गया।
महिला ने दुष्कर्म के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। उसके पति पर डॉक्टर और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
धमकी के बाद खाते से फिर ट्रांसफर हुए लाखों रुपये
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से करीब 1.11 करोड़ रुपये और दिए।
शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने इसके बाद 50 हजार रुपये के स्टांप पेपर पर एक घोषणा पत्र देने का दबाव बनाया।
इसमें पहले दी गई रकम वापस नहीं मांगने और भविष्य में किसी तरह की परेशानी नहीं करने की बात लिखवाने का आरोप है।
मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में तैयार कराया दस्तावेज
शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर पहुंचे, जहां स्टांप पेपर पर एक दस्तावेज तैयार कर सौंपा गया। इसमें उस समय तक दिए गए 1.32 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का उल्लेख होने की बात कही गई है। आरोप है कि इसके बावजूद रुपये की मांग बंद नहीं हुई।
आत्महत्या की धमकी देकर फिर मांगे रुपये
डॉक्टर की पत्नी ने आरोप लगाया कि महिला ने कई बार आत्महत्या करने और इसका पूरा दोष डॉक्टर पर मढ़ने की धमकी दी।
इसके बाद डॉक्टर ने व्यक्तिगत बैंक लोन, जीपीएफ के साथ दोस्तों और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर करीब 58 लाख रुपये और ट्रांसफर किए।
कुल 2,03,83,460 रुपये ट्रांसफर करने का दावा
डॉक्टर की पत्नी के अनुसार, अलग-अलग बैंकों के माध्यम से कुल 2 करोड़ 3 लाख 83 हजार 460 रुपये ट्रांसफर किए गए।
शिकायत में महिला, उसके पति और दो अन्य सहयोगियों पर मिलकर संगठित तरीके से कथित वसूली करने का आरोप लगाया गया है।
राजीवनगर थाने और साइबर पोर्टल पर शिकायत
डॉक्टर की पत्नी ने पूरे मामले की शिकायत राजीवनगर थाने के साथ साइबर क्राइम पोर्टल पर भी दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, बैंक लेनदेन और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रही है।
मामले में जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।



